टोहाना में किसानों ने रतिया रोड पर जाम:बोले- समय से नहीं की जा रही फसल खरीद, वेयरहाउस मैनेजर के आश्वासन पर खोला

टोहाना में किसानों ने रतिया रोड पर जाम:बोले- समय से नहीं की जा रही फसल खरीद, वेयरहाउस मैनेजर के आश्वासन पर खोला

फतेहाबाद के टोहाना में अनाज मंडी में फसल की खरीद समय पर नहीं होने और किसानों को हो रही परेशानी को लेकर इनेलो नेता करण कुणाल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्हें खरीद व्यवस्था में कई कमियां नजर आईं। किसानों की समस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए किसानों ने सुबह 11:35 बजे एडिशनल अनाज मंडी के सामने टोहाना-रतिया रोड पर जाम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मौके पर किसानों की फसल की खरीद शुरू नहीं होती, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। बाद में वेयरहाउस मैनेजर संजय हुड्डा के आश्वासन पर जाम खोल दिया गया। किसानों ने उठाया समय से फसल खरीद न होने का मुद्दा मंडी के दौरे के दौरान करण कुणाल ने किसानों की फसल की खरीद में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि किसान अपनी फसल लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं, लेकिन समय पर खरीद नहीं होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने और मंडी में व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। मंडी में खरीद प्रक्रिया को लेकर हुई बातचीत के दौरान खरीद अधिकारियों की जिम्मेदारियों और खरीद के समय पर भी सवाल उठे। बातचीत में अधिकारियों की ओर से बताया गया कि खरीद के अलावा चावल मिलों के एग्रीमेंट का सत्यापन, जियोफेंसिंग और संबंधित डाटा अपडेट करने जैसे काम भी उनकी जिम्मेदारी में शामिल हैं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि खरीद के लिए फसल में नमी की स्थिति को ध्यान में रखना पड़ता है और धूप निकलने के बाद खरीद प्रक्रिया में सुविधा होती है। किसान बोले- शाम पांच बजे तक ही होती है खरीद इस पर सवाल उठाया गया कि यदि खरीद दोपहर के आसपास शुरू होती है और शाम करीब साढ़े पांच बजे तक ही चलती है, तो इतने कम समय में मंडी में पहुंचने वाले किसानों की फसल की खरीद कैसे पूरी होगी। बातचीत के दौरान खरीद की मात्रा और उठान को लेकर भी सवाल किए गए। रोड जाम के दौरान वेयरहाउस मैनेजर संजय हुड्डा ने किसानों और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मंडी में मौजूद सारा माल खरीदने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रात 10 बजे तक खरीद की जाएगी, लेकिन मंडी में मौजूद माल खरीदकर ही जाएंगे। मैनेजर के इस आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया। इस दौरान गुरचरण सिंह अमानी, किसान सेल के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह कन्नड़ी, किसान सेल प्रधान, हरि सिंह डांगरा, जिला उपाध्यक्ष, मनोज सिंह बलियाला सहित अन्य किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने किसानों की फसल की समय पर खरीद सुनिश्चित करने और मंडी में व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *