Kunal Kapoor Dig On Elon Musk: स्पेसएक्स (SpaceX) के फाउंडर और CEO एलन मस्क ने भारत में ‘स्टारलिंक’ (Starlink) की एंट्री को लेकर एक ऐसा बयान दिया जो सुर्खियों में आ गया। बॉलीवुड हस्तिया लगातार उन्हें खरी-खोटी सुना रही हैं। कमल हासन और कंगना रनौत के बाद अब इस लिस्ट में अभिनेता कुणाल कपूर (Kunal Kapoor) भी कूद पड़े हैं। कुणाल कपूर ने मस्क की सोच को ‘कॉलोनियल’ यानी उपनिवेशवादी करार देते हुए पश्चिमी टेक अरबपतियों के ‘सेवियर कॉम्प्लेक्स’ पर कटाक्ष किया है।
कुणाल कपूर ने एलन मस्क को दिया जवाब
कुणाल कपूर ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट शेयर की है। उन्होंने एलन मस्क की कार्यशैली और मानसिकता पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “इस हफ्ते एलन मस्क को देखना वेस्टर्न टेक अरबपतियों के मसीहा (Savior) कॉम्प्लेक्स की एक दिलचस्प कैरेक्टर स्टडी रहा है। वह आपके देश में आपको भविष्य बेचने आते हैं। अगर आप उनका स्वागत करते हैं, तो आप एक ऐसे देश बन जाते हैं जो तरक्की चाहता है। लेकिन अगर वह आपको थोड़ा भी इंतजार करवाएं, तो अचानक आपके ही देश के लोग ऐसे पीड़ित बन जाते हैं जिन्हें उनके अपने संस्थानों से किसी ‘मसीहा’ द्वारा बचाए जाने की जरूरत है।”
थाईलैंड गुफा रेस्क्यू और ब्राजील विवाद का किया जिक्र
कुणाल कपूर ने अपने बयान में पुरानी घटनाओं का हवाला भी दिया। उन्होंने बताया कि यह मस्क का एक पुराना पैटर्न रहा है। उन्होंने साल 2018 के थाईलैंड के उस चर्चित बचाव अभियान का जिक्र किया जब थाम लुआंग गुफा में फंसे बच्चों को निकालने के लिए मस्क ने अपनी मिनी-सबमरीन भेजी थी, लेकिन स्थानीय रेस्क्यू टीम ने उसका इस्तेमाल करने से मना कर दिया था। इसके बाद मस्क ने गोताखोरों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
इसके अलावा, कुणाल ने अगस्त 2024 में ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) को सस्पेंड किए जाने के मामले का भी जिक्र किया, जहां कोर्ट के आदेश न मानने पर मस्क ने वहां के जज को ‘डिक्टेटर’ कहा था। कुणाल ने लिखा, “स्क्रिप्ट शायद ही कभी बदलती है, सिर्फ देश बदलता है। कॉलोनियल सोच हमेशा किसी देश पर सीधे राज करने के बारे में नहीं होती। कभी-कभी यह इस भ्रम में होती है कि आप उस देश के ‘उद्धारकर्ता’ बनकर आए हैं, और अगर देश आपको तुरंत सिर-आंखों पर नहीं बिठाता, तो उस देश के सिस्टम में ही कुछ गड़बड़ है।” वहीं, एलन मस्क के पोस्ट पर कमल हासन और कंगना रनौत भी करारा जवाब दे चुके हैं।
एलन मस्क का विवादित ट्वीट और सरकार का जवाब
बता दें कि एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक के लाइसेंस मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया था कि स्टारलिंक ने तमाम नियम पूरे कर लिए हैं, तो लाइसेंस क्यों नहीं मिल रहा? इसके साथ ही उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर इशारा करते हुए लिखा था- “क्या अंबानी ही भारत के असली बॉस हैं?”
मस्क के इन बयानों के बाद भारत के दूरसंचार मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि देश का रेगुलेटरी फ्रेमवर्क पूरी तरह से निष्पक्ष (Fair) और गैर-भेदभावपूर्ण है तथा सभी टेलीकॉम सेवाओं के लिए एक समान और पारदर्शी ऑथराइजेशन फ्रेमवर्क बनाया गया है।

