उधमसिंह नगर निकाय चुनाव में Congress की जीत बदलाव की शुरुआत: गणेश गोदियाल

उधमसिंह नगर निकाय चुनाव में Congress की जीत बदलाव की शुरुआत: गणेश गोदियाल

देहरादून, नौ अक्टूबर कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को कहा कि उधमसिंह नगर ज़िले में दो नगर निकायों में पार्टी की हालिया जीत इस बात का संकेत है कि राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं। यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत करते हुए गोदियाल ने कहा, ‘‘यह जीत लोगों की राजनीतिक इच्छाशक्ति को दिखाती है कि वे अब बदलाव और पूरी तरह से बदलाव चाहते हैं। भाजपा ने हमें जीतने से रोकने के लिए कई तरीके अपनाए, लेकिन इन कोशिशों के बावजूद, उन्हें किच्छा और सिरौली कला में हुए दोनों नगर निकाय चुनावों में हार का सामना करना पड़ा।

यह पूरे राज्य में बदलाव की शुरुआत है।’’
उन्होंने इसे कांग्रेस की ‘‘एकतरफा जीत’’ बताया और कहा कि भाजपा दोनों में से कोई भी सीट नहीं जीत पाई। गोदियाल ने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में हम जनता के सामने भाजपा सरकार में हुई गड़बड़ियों और उनके द्वारा लोगों, खासतौर पर युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं से किए गए धोखे के बारे में तथ्य रखेंगे।’’
कांग्रेस ने बुधवार को घोषित किच्छा और सिरौली कला नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। सिरौली कला नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की रशीदा बेगम ने जीत हासिल की जबकि किच्छा नगर पालिका में कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीता।

दोनों नगर पालिकाओं के लिए 22 सितंबर को मतदान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *