उज्जैन में 12 अक्टूबर से देवास गेट बस स्टैंड बंद:सभी बसें नानाखेड़ा से चलेंगी; सिंहस्थ-2028 की तैयारी में बड़ा बदलाव

उज्जैन में 12 अक्टूबर से देवास गेट बस स्टैंड बंद:सभी बसें नानाखेड़ा से चलेंगी; सिंहस्थ-2028 की तैयारी में बड़ा बदलाव

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए देवास गेट बस स्टैंड बंद किया जा रहा है। प्रशासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। 12 अक्टूबर से सभी बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से होगा। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और उज्जैन संभागायुक्त ने स्थानीय विभागों के प्रतिनिधियों और बस संचालकों के साथ बैठक में मिले सुझावों के बाद यह आदेश जारी किया है। इसके तहत 12 अक्टूबर से देवास गेट बस स्टैंड पर बसों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई, परमिट निरस्तीकरण, आरसी निरस्त करने और चालानी कार्रवाई सहित अन्य वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। सिंहस्थ-2028 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। वहीं, शहर में सड़क चौड़ीकरण, एलिवेटेड ब्रिज निर्माण और सौंदर्यीकरण के काम भी चल रहे हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से करने का निर्णय लिया गया है। नानाखेड़ा बस स्टैंड पर बसों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं नगर निगम के माध्यम से विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बस स्टैंड के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी भी नगर निगम को सौंपी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *