विधायक ने गरीबों की जमीन से कब्जे हटवाने को कहा:मुख्यमंत्री समस्या निवारण शिविर में बोले- दबंगई बर्दाश्त नहीं होगी; कई मामले पेंडिंग

विधायक ने गरीबों की जमीन से कब्जे हटवाने को कहा:मुख्यमंत्री समस्या निवारण शिविर में बोले- दबंगई बर्दाश्त नहीं होगी; कई मामले पेंडिंग

सीहोर के बरखेड़ा हसन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत समस्या निवारण शिविर लगाया गया। इसमें विधायक सुदेश राय ने कलेक्टर बालागुरु के. से गरीबों की जमीनों पर दबंगों के कब्जे की शिकायत करते हुए उन्हें हटवाने के निर्देश देने को कहा। शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। इस दौरान महिलाओं ने योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। गरीबों की जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठाया विधायक सुदेश राय ने कहा कि उनके पास गरीबों की जमीनों पर कब्जे से जुड़े कई मामले आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीहोर विधानसभा क्षेत्र में दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने को कहा। विधायक ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। महिला बोली- मुझे कश्मीर घूमना है, मैं आत्मनिर्भर हूं शिविर में महिलाओं ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और आत्मनिर्भर बनने के अपने अनुभव साझा किए। एक महिला ने विधायक सुदेश राय से कहा, “मुझे कश्मीर घूमना है। मैं आत्मनिर्भर नारी हूं, अपना कमाती हूं और खाती हूं।” उसकी बात सुनकर शिविर में मौजूद लोग हंस पड़े। एक अन्य महिला ने योजनाओं का लाभ नहीं मिलने पर अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं, एक महिला ने बताया कि उसकी शादी राजस्थान में कर दी गई थी, इसलिए वह पढ़ाई नहीं कर सकी। अब वह अपनी बेटी को डॉक्टर बनाना चाहती है। उसने बताया कि वह स्कूटी से घूमती है और उसके पति घर पर खाना बनाते हैं। उसकी बात पर भी शिविर में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया। कुछ महिलाओं ने योजनाओं का लाभ मिलने पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। संभाग आयुक्त, कलेक्टर और एसपी रहे मौजूद शिविर में भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा, खनिज विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल, कलेक्टर बालागुरु के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, एसडीएम तन्मय वर्मा, श्यामपुर तहसीलदार, जिला मंत्री गिरीश कुमार सोलंकी और सांसद प्रतिनिधि मायाराम गौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक ने सीधे लोगों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। शिविर के माध्यम से स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण की पहल की गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *