टीकमगढ़ पुलिस परेड ग्राउंड में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचीं तीन युवतियों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस के दो जवानों ने उनकी स्कूटी की हवा निकाल दी। युवतियों ने इसका विरोध किया तो जवानों ने उनका वीडियो बनाया। इसके बाद युवतियों ने पुलिसकर्मियों से बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नो-पार्किंग में स्कूटी खड़ी करने की बात कही जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन युवतियां एक स्कूटी से पुलिस लाइन पहुंची थीं। वे वहां मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान दो पुलिसकर्मियों ने उनसे गलत तरीके से बात की और स्कूटी की हवा निकाल दी। जवानों ने वीडियो में वाहन को नो-पार्किंग एरिया में खड़ा करने की बात कही। युवतियों ने कहा-पहले से 20-25 बाइक खड़ी थीं युवतियों का कहना है कि वहां पहले से 20 से 25 बाइक खड़ी थीं, इसलिए उन्होंने भी अपनी स्कूटी पार्क कर दी। उनका कहना था कि पुलिसकर्मी उन्हें अच्छे से भी बता सकते थे कि यहां वाहन खड़ा नहीं करना है। वीडियो में युवतियां यह भी कहती सुनाई दे रही हैं कि पहले जवान उनसे गलत तरीके से बात कर रहे थे, लेकिन वीडियो बनता देखकर उनका व्यवहार बदल गया। आरआई बोले-पुलिस लाइन सार्वजनिक स्थान नहीं मामले में आरआई कनक सिंह ने कहा कि पुलिस लाइन सार्वजनिक स्थान नहीं है। यहां लगातार चोरियां हो रही हैं। कुछ दिन पहले उनकी साइकिल भी चोरी हो गई थी। इसी कारण पुलिस लाइन में गश्त बढ़ाई गई है। हालांकि, युवतियों के साथ हुए कथित व्यवहार को लेकर सामने आए वीडियो पर मामले की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग उठाई स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस लाइन शहर के बीच स्थित है और लोग वर्षों से यहां सुबह घूमने आते रहे हैं। इस तरह की कार्रवाई से पुलिस की छवि पर विपरीत असर पड़ता है। गुड मॉर्निंग ग्रुप के अध्यक्ष प्रमोद पटसारिया ने कहा कि एक ओर पुलिस लोगों को फिट रहने का संदेश देती है, वहीं मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे लोगों से अभद्र व्यवहार का आरोप पुलिस की छवि को प्रभावित करता है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से संबंधित आरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

