धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के बोरखली में शुक्रवार सुबह हाईवे पर अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रही मारुति सुजुकी एर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। कार में एक ही परिवार के सात लोग सवार थे। सूचना मिलने पर डायल-112 की राजोद और सरदारपुर टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आग से कार पूरी तरह जल गई। उसमें रखे कपड़े, अन्य सामान और 8 हजार रुपए नकद भी जल गए। सुबह 6:26 बजे मिली थी सूचना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6:26 बजे डायल-112 पर बोरखली के पास हाईवे पर कार में आग लगने और यात्रियों के फंसे होने की सूचना मिली। इसके बाद राजोद थाने की एफआरवी-14 और सरदारपुर थाने की एफआरवी-11 को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। दोनों टीमों ने पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अहमदाबाद से महाकाल दर्शन के लिए जा रहा था परिवार कार क्रमांक GJ 27 TD 6120 में जयस पिता मूलजी जोशी (58), भारत पिता करमचंद गोशालिया (59), अपूर्व पिता जयस जोशी (29), कनक पिता जयस जोशी (55), दक्ष पिता भरत गोशालिया (56), अभी पिता भारत गोशालिया (28) और चालक मयूर कुमार पिता बलवंत पटेल (40) सवार थे। सभी अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे। आग से कार पूरी तरह जल गई। उसमें रखा सामान और नकदी भी नहीं बची। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद दूसरे वाहन से रवाना किया गया। डायल-112 की दोनों टीमों ने किया रेस्क्यू बचाव कार्य में राजोद एफआरवी-14 के कांस्टेबल प्रकाश और पायलट तुलसीराम मेडा तथा सरदारपुर एफआरवी-11 के कांस्टेबल सौरभ मोरे और पायलट नितेश बाबेरिया शामिल रहे। समय पर पहुंचकर दोनों टीमों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद की।

