रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघ T-2505 और T-121 के बीच संघर्ष होने की सोशल मीडिया पर आ रही खबरों को वन विभाग ने भ्रामक बताया है। विभाग के अनुसार, बाघ T-2505 पूरी तरह स्वस्थ है और उसके शरीर पर किसी तरह की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। टाइगर के शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया- निगरानी के दौरान फील्ड टीम ने शुक्रवार शाम T-2505 को क्षेत्र में देखा। बाघ सामान्य स्थिति में नजर आया। उसके शरीर पर चोट के कोई संकेत नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने दोनों बाघों के बीच संघर्ष की खबरों को गलत बताया। वन विभाग की टीम रणथंभौर टाइगर रिजर्व के संबंधित क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। दोनों बाघों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि उनकी स्थिति और मूवमेंट की जानकारी मिलती रहे। विभाग ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी सूचना को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। अपुष्ट जानकारी से भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। वन विभाग के अनुसार, रणथंभौर टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की स्थिति सामान्य है और बाघों की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं।

