डूंगरपुर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी से धोखाधड़ी के मामले में फरार एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 2 महीने से फरार था। उसने कंपनी के ढाई लाख रुपए से ज्यादा की रकम लेकर गबन किया था। धंबोला थाना पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को ‘कमल फिनकेप प्राइवेट लिमिटेड’ की सीमलवाड़ा शाखा के क्षेत्रीय प्रबंधक सोनू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि फील्ड स्टाफ वसूली का काम करने वाला कर्मचारी सुशील निवासी डीग 12 अगस्त को सीमलवाड़ा क्षेत्र से समूह लोन की किश्त के 2,54,247 रुपए वसूल कर बिना जमा कराए फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी चंद्रशेखर के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी सुशील को कुम्हेर, जिला डीग से पकड़ा गया। पूछताछ में अपराध साबित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

