मांडर में पूर्व सैनिक के घर पर हमला:भीड़ ने मुड़मा जतरा स्थल के पास निर्माणाधीन मकान तोड़ा

मांडर में पूर्व सैनिक के घर पर हमला:भीड़ ने मुड़मा जतरा स्थल के पास निर्माणाधीन मकान तोड़ा

मुड़मा जतरा स्थल के पास बुधवार को भीड़ ने पूर्व सैनिक बिरसा उरांव का निर्माणाधीन मकान तोड़ डाला। विरोध करने पर मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। उन्होंने इस संबंध में मांडर थाने में आवेदन दिया है। पुलिस को दिए आवेदन में बिरसा उरांव ने कहा कि वे अपनी 74 डिसमिल पैतृक जमीन पर घर बनाने के लिए 2012 से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन हर बार उसे तोड़ दिया जाता है। यह चौथी बार है, जब उनके निर्माण को गिराया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की मौजूदगी में 13 सितंबर को बाउंड्रीवॉल और मकान का निर्माण शुरू कराया था। उस समय मांडर सीओ चंचला कुमारी और खलारी डीएसपी आरएन चौधरी भी मौजूद थे। बुधवार दोपहर एक बजे करीब 200 लोग साबल-हथौड़ा और गैंता लेकर पहुंचे और निर्माणाधीन मकान को तोड़ ​डाला। रहने के लिए बनाए गए कमरे का एस्बेस्टस और बाउंड्रीवॉल को भी गिरा दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक भीड़ वहां से जा चुकी थी। आदिवासी समाज के लोग बोले… जतरा स्थल की जमीन बिरसा उरांव के मकान निर्माण का आदिवासी समाज के लोग शुरू से ही विरोध करते रहे हैं। उनका कहना है कि यह जमीन मुड़मा जतरा के दौरान 40 पड़हा के देवी-देवताओं के परिक्रमा स्थल में आती है। यह उनकी धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है। वहीं धर्मगुरु बंधन तिग्गा ने कहा कि मुड़मा जतरा से जुड़ी समस्याओं को लेकर उन्होंने मंगलवार को डीसी और मांडर थाने को ज्ञापन दिया था। थानेदार ने कहा… गाड़ी जब्त, चालक हिरासत में मकान तोड़े जाने के दौरान मौके पर मौजूद बिरसा के बड़े भाई बुधवा उरांव और उनकी प|ी सोमारी देवी ने कहा कि उन्होंने घटना के दौरान मांडर सीओ और पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उधर, मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली ने बताया कि मामले में एक वाहन जब्त किया गया है और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *