IndiGo Aircraft Damaged: पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट बुधवार की शाम मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। लखनऊ के आसपास पहुंचने के दौरान विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इसी दौरान विमान के आकाशीय बिजली की चपेट में आने की सूचना मिली। इस घटना में विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
पायलट ने दिखाई सूझबूझ, सुरक्षित हुई लैंडिंग
गनीमत रही कि लाइटनिंग स्ट्राइक के बावजूद विमान का संचालन सामान्य रहा। पायलट ने किसी तरह की परेशानी के बिना विमान को सुरक्षित लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतार लिया। पायलट के इस संयम की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
तय समय से पहले पहुंचा विमान
इंडिगो की शेड्यूल्ड घरेलू उड़ान 6E925 पटना से दोपहर 3:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। इसे शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के बीच विमान करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कर गया।
जांच में मिली तकनीकी खराबी
लखनऊ पहुंचने के बाद इसी विमान को इंडिगो की उड़ान 6E6968 के रूप में शाम 5:05 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। हालांकि, विमान की जांच के दौरान इसमें तकनीकी खराबी सामने आ गई। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। पायलट की त्वरित कार्रवाई से विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लैंडिंग के तुरंत बाद तकनीकी टीमों ने विमान की जांच शुरू कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से घटना के विस्तृत कारणों और विमान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए दूसरे विमान का इंतजाम
अहमदाबाद जाने वाली उड़ान भी इस घटना से प्रभावित हुई। यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो, इसके लिए इंडिगो ने दूसरे विमान की व्यवस्था की। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया।


(@10iamvikas)