अजमेर। घूघरा स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हार्डकोर अपराधी सचिन थापन की बुधवार को तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिन से भूख हड़ताल पर था। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे कड़ी सुरक्षा के बीच जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया, जहां ईसीजी, एक्स-रे सहित आवश्यक जांच कराई गई। जांच और उपचार के बाद उसे वापस हाई सिक्योरिटी जेल भेज दिया गया। सचिन थापन को लॉरेंस बिश्नोई का भांजा बताया जाता है और वह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी है।
जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार, हाई सिक्योरिटी जेल में सचिन थापन के दो साथी भी बंद हैं। पूर्व में उनकी बैरक में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े गए थे। इसके बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से बंदियों की बैरक बदल दी थी। बताया गया कि थापन अपने साथियों के साथ ही एक बैरक में रहना चाहता है। इसी को लेकर उसने पिछले दो दिन से खाना छोड़ रखा था।

बैरक बदलने से नाराज था थापन
इससे पहले थापन के साथी रामवीर और सुमित भी बैरक बदलने के विरोध में कुछ दिन भूख हड़ताल कर चुके थे। हालांकि बाद में उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त कर दी थी। जेल प्रशासन के अनुसार, सचिन थापन ने फिलहाल अपनी मांग को लेकर कोई लिखित प्रार्थना पत्र या शिकायत नहीं दी है।
हथियारबंद जवानों की निगरानी में अस्पताल पहुंचाया
बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद जेल प्रशासन ने सचिन थापन को हथियारबंद जवानों की कड़ी निगरानी में जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। उसके अस्पताल पहुंचते ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। आपातकालीन इकाई में चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। आवश्यक जांच और उपचार के बाद उसे फिर से हाई सिक्योरिटी जेल ले जाया गया।
मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी है थापन
सचिन थापन उर्फ सचिन बिश्नोई को सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े प्रमुख आरोपियों में शामिल बताया गया है। जानकारी के अनुसार, वह मूसेवाला की हत्या से पहले विदेश चला गया था और बाद में उसे अजरबैजान से भारत लाया गया था। सचिन थापन पहले तिहाड़ जेल में बंद था। इसके बाद उसे जोधपुर और फिर अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में शिफ्ट किया गया। अजमेर की इस जेल में लॉरेंस बिश्नोई और अन्य कुख्यात गैंग से जुड़े हार्डकोर अपराधी भी बंद रहे हैं।
फिलहाल सचिन थापन को वापस जेल भेज दिया गया है। जेल प्रशासन का कहना है कि उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद आवश्यक चिकित्सा जांच कराई गई और उसकी स्थिति के अनुसार उपचार दिया गया।
यह वीडियो भी देखें :

