औरैया के ऐरवा कटरा स्थित फैजुल्लापुर निवासी अश्वनी शाक्य को समाजवादी पार्टी में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर अश्वनी (पुत्र रघुनंदन सिंह) को समाजवादी छात्र सभा की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है। छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर विनीत कुशवाहा ने उनका मनोनयन पत्र जारी किया है। जिम्मेदारी मिलने के बाद अश्वनी शाक्य ने कहा कि वे समाजवादी विचारधारा और अखिलेश यादव की नीतियों को जन-जन, विशेषकर छात्रों और युवाओं तक मजबूती से पहुंचाएंगे और संगठन को धार देंगे। अश्वनी शाक्य के प्रदेश सचिव बनने की खबर मिलते ही स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों, नेताओं और समर्थकों ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाइयां दी हैं।

