हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार रात बारिश हुई। ऊंचे पहाड़ों पर इससे मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में अगले छह दिन तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। आज भी ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कुछेक स्थानों पर बारिश व तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार 7 से 9 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कुछेक स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और तूफान चल सकती है। बिजली चमकने के साथ तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चंबा, कांगड़ा, लाहौल स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिला की अधिक ऊंची चोटियों पर इस दौरान हल्का हिमपात भी देखने को मिल सकता है। वहीं 10 से 12 अक्टूबर के बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन इन तीन दिनों के दौरान भी कुछेक हिस्सों में ही हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान चार डिग्री तक गिरेगा इससे अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आएगी। बीते 24 घंटे के दौरान कुछ भागों में हुई बारिश और किन्नौर में भारी ओलावृष्टि के बाद अधिकांश शहरों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान एक डिग्री कम हुआ है। केलांग का पारा 3.9 डिग्री सेल्सियस लुढ़का केलांग में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 3.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कल्पा में अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 21.8 डिग्री, धर्मशाला में तीन डिग्री की कमी के बाद 25 डिग्री और शिमला में 1.4 डिग्री गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचे पहाड़ों पर बढ़ेगी ठंड तापमान में गिरावट अगले चार दिन भी जारी रहेगी। इससे ऊंचे पहाड़ों पर सुबह शाम व रात में ठंड में इजाफा होगा, हालांकि मैदानी व मध्यम ऊंचे क्षेत्रों में मौसम सुहावना रहेगा।

