शाहरुख खान की एक सलाह ने बदल दी अभिषेक बच्चन की सोच! करियर की शुरुआत को लेकर किया खुलासा

शाहरुख खान की एक सलाह ने बदल दी अभिषेक बच्चन की सोच! करियर की शुरुआत को लेकर किया खुलासा

Abhishek Bachchan On Shahrukh Khan King Movie: बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) इन दिनों अपनी आने वाली मच अवेटेड एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ (King) को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिषेक ने अपने करियर के शुरुआती दौर को याद किया और खुलासा किया कि कैसे बॉलीवुड के ‘किंग’ यानी शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) ने उन्हें एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले एक ऐसी सलाह दी थी, जो आज भी उनके दिल के बेहद करीब है।

बचपन के संडे क्रिकेट और बड़े भाई जैसा साथ

BBC एशियन नेटवर्क से अभिषेक बच्चन ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने बचपन की यादें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि कैसे बचपन में रविवार के दिन वह फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा के घर पर उदय चोपड़ा, ऋतिक रोशन और सिकंदर खेर के साथ क्रिकेट खेला करते थे। उस दौर में शाहरुख खान हम सभी नए और उभरते कलाकारों के लिए एक मेंटॉर और गाइड की तरह थे।

अभिषेक ने शाहरुख को अपना “बड़ा भाई” बताते हुए कहा कि SRK ने हमेशा उनके काम को सपोर्ट किया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि शाहरुख ने कई मौकों पर व्यक्तिगत रूप से उनका मार्गदर्शन किया है, जिसमें उनकी नई फिल्म ‘किंग’ भी शामिल है।

शाहरुख की वो सलाह जिसने बदल दिया अभिषेक का नजरिया

अपने डेब्यू से ठीक पहले की एक बातचीत को याद करते हुए अभिषेक बच्चन ने बताया कि उन्होंने एक बार शाहरुख से पूछा था, “आपकी पसंदीदा फिल्म कौन सी है?” इस सवाल का जवाब देते हुए शाहरुख ने कहा था, “मेरी सबसे पसंदीदा फिल्म वही है जो मैं इस वक्त कर रहा हूं। क्योंकि अगर वह मेरी फेवरेट फिल्म नहीं है, तो मैं उसे कर ही क्यों रहा हूं?”

शाहरुख की इस फिलॉसफी को अपनी जिंदगी में उतारते हुए अभिषेक ने कहा, “शाहरुख भाई की यह बात मेरे दिल में बैठ गई। इसलिए मैं जो भी फिल्म उस वक्त कर रहा होता हूं, वही मेरी सबसे पसंदीदा बन जाती है। जो बीत गया, वह बीती बात है। मैं उसके बारे में ज्यादा नहीं सोचता। इस समय मेरी सबसे फेवरेट फिल्म ‘किंग’ है।”

दिसंबर 2026 में रिलीज होगी ‘किंग’

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग’ को गौरी खान (रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट) और सिद्धार्थ व ममता आनंद (मार्फ्लिक्स पिक्चर्स) मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फिल्म के जरिए सुहाना खान (Suhana Khan) बड़े पर्दे पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में वह एक ऐसी युवती का किरदार निभा रही हैं, जिसे शाहरुख खान (एक पुराने कातिल/असासिन) से ट्रेनिंग मिलती है।

फिल्म में अभिषेक बच्चन के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभय वर्मा, जयदीप अहलावत और अरशद वारसी जैसे पावरहाउस कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह एक्शन थ्रिलर 24 दिसंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। बता दें कि अभिषेक को आखिरी बार ZEE5 की फिल्म ‘कालीधर लापता’ में देखा गया था, जो तमिल हिट ‘केडी’ की हिंदी रीमेक थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *