प्रतापगढ़ में डीएम अभिषेक पाण्डेय ने सोमवार शाम करीब 5 बजे तहसील पट्टी क्षेत्र के ग्राम मनैतापुर में आरईडी की ओर से त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत कराए जा रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और काम की गुणवत्ता की जानकारी ली। निर्माण कार्य को लेकर मिली शिकायत के बाद डीएम ने मौके से निर्माण सामग्री का सैंपल लिया। उन्होंने सैंपल को गुणवत्ता जांच के लिए पीडब्ल्यूडी प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। जांच में मानकों के विपरीत काम या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भूमिहीन महिला के मामले का भी किया निरीक्षण इसके बाद डीएम ग्राम उतरास पहुंचे और भूमिहीन रेखा मिश्र पत्नी राजन मिश्र के प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपाल को महिला को नियमानुसार पट्टा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दान में प्राप्त भूमि पर तत्काल कब्जा दिलाकर तीन दिन के भीतर आवास निर्माण शुरू कराने को कहा। आपदा राहत की सहायता दिलाने के निर्देश डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपदा राहत कोष से अहेतुक सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और सहायता का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले। जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

