देवरिया में IGRS शिकायतों के निपटारे में लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त निर्देश दिए। सोमवार शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान भाटपाररानी के एडीओ पंचायत राजेश कुमार राय का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि IGRS और मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली शिकायतों का तय समय में सही ढंग से निपटारा हो। सिर्फ कागजी खानापूर्ति के लिए शिकायत का निपटारा न किया जाए। हर शिकायत में शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी समस्या समझी जाए। हल होने के बाद उसकी संतुष्टि भी ली जाए। निपटारे की रिपोर्ट में तथ्य और कार्रवाई साफ लिखी होनी चाहिए। डीएम ने चेतावनी दी कि गलत या नियमों के खिलाफ निपटारा मंजूर नहीं होगा। खराब निपटारे से जिले की IGRS रैंकिंग बिगड़ने पर संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ता को असल राहत देना ही निपटारे का मकसद होना चाहिए।

