Jaipur : जयपुर. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने रविवार को विश्वा नगर, न्यू सांगानेर रोड, सोडाला स्थित ब्लिंकिट के डार्क स्टोर का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की। अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज में पनीर, चीज, दूध और दही जैसी तापमान-संवेदनशील खाद्य सामग्री निर्धारित तापमान पर नहीं रखी मिली। पनीर और चीज करीब 13 डिग्री तापमान पर मिले। कुछ दूध के पैकेट फटे हुए थे और उनसे दूध रिस रहा था। दूध के गंदे कैरेट में ही चिकन के पैकेट भी रखे मिले।
लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र में गंदगी
निरीक्षण के दौरान आटे के कट्टे फिनाइल के साथ रखे मिले। कुछ खाद्य सामग्री बिना पैलेट के रखी थी और रैक पर जंग लगी मिली। रैक के नीचे फर्श गंदा था तथा तेल के पैकेट भी अत्यधिक गंदे मिले। फूड हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र और लॉग रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं मिले। लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र में गंदगी और थूक की पीक मिली। खाद्य सामग्री निकालने के लिए कर्मचारियों द्वारा रैक पर जूते पहनकर चढ़ने की बात भी सामने आई।
निर्धारित तापमान पर खाद्य सामग्री का भंडारण नहीं होने के कारण 164 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए। वहीं, मिलावट की आशंका पर घी के 2 सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि खाद्य सामग्री मिलावटी अथवा निर्धारित गुणवत्ता से कम पाई जाती है, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी दंडात्मक एवं न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई जारी रहेगी।

