नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली और पानी की मांग को लेकर 28 दिन से चल रहा धरना प्रदर्शन स्थगित हो गया है। भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में यह आमरण अनशन पर्थला गांव के पास चल रहा था। बिजली की मांग पूरी होने के बाद यह धरना खत्म किया गया। प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया है कि डूब क्षेत्र में जल्द ही बिजली मीटर लगाने का काम शुरू होगा। इस दौरान पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। धरना खत्म होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया। किसान नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि यह उनकी बड़ी जीत है। उन्होंने बताया कि करीब 52 कॉलोनियों का सर्वे किया जाएगा और सभी लोगों को सस्ते दरों पर बिजली कनेक्शन मिलेंगे। पहले इन लोगों को अवैध रूप से रहने वाला माना जाता था और कनेक्शन नहीं मिलते थे। लेकिन अब प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर ध्यान दिया है। धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर खुशी जाहिर की और मिठाई बांटकर अपनी जीत का जश्न मनाया।

