मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के एक नर्सिंग छात्र और उसके भाइयों को शराब के नशे में धुत दबंग ठेकेदार द्वारा ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोधीपुर राजपूत गांव में बुलेट मोटरसाइकिल में टक्कर मारने के विरोध पर दबंग ने न सिर्फ छात्र से मारपीट की, बल्कि बाद में ट्रैक्टर लाकर उन्हें रौंदने का प्रयास किया। पीड़ितों ने दूसरी तरफ कूदकर बमुश्किल अपनी जान बचाई। जातिसूचक गालियां देने और जानलेवा हमले की इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार लोधीपुर राजपूत निवासी लवकेश कुमार पुत्र ललित कुमार ने पाकबड़ा थाने में नामजद तहरीर देकर बताया कि उसके छोटे भाई गगन और अंकुश गांव में पेट्रोल पंप के पास कैंटीन चलाते हैं। शनिवार रात करीब 9:30 बजे वे दुकान के पास खड़े थे, तभी गांव का ही आरोपी मृदुल पुत्र योगराज सिंह अपनी डस्टर कार लेकर वहां पहुंचा। अत्यधिक शराब के नशे में धुत आरोपी ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए भाइयों की बुलेट मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जब भाइयों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी सरेआम गाली-गलौज करने लगा। झगड़े की आवाज सुनकर जब बड़ा भाई लवकेश कुमार (B.Sc. नर्सिंग फाइनल ईयर का छात्र) मौके पर पहुंचा, तो उसने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। इस बात से आगबबूला होकर आरोपी मृदुल ने लवकेश के साथ अभद्रता की और उसे सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। मौके पर भीड़ जुटने के कारण आरोपी उस वक्त कार लेकर वहां से भाग निकला। पीड़ित का आरोप है कि कुछ ही देर बाद आरोपी गहरी रंजिश के तहत अपना ट्रैक्टर लेकर वापस कैंटीन पर आ धमका। उसने आते ही पीड़ित पक्ष को अत्यंत अश्लील और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके तुरंत बाद उसने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ाकर दोनों भाइयों के ऊपर चढ़ा दिया। भाइयों ने दूसरी तरफ छलांग लगाई और बाल-बाल बचे। इसके बाद आरोपी ने ट्रैक्टर को दोबारा घुमाया और उन्हें कुचलने का फिर से प्रयास किया। ग्रामीणों के भारी संख्या में जुटने पर आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देता हुआ ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसे पीड़ित ने पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा और सहमा हुआ है। पीड़ित लवकेश ने थाना प्रभारी से अपनी जान-माल की रक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

