Ujjwal Nikam On Rajkummar Rao Film Prahaar: 26/11 मुंबई आतंकी हमले के अदालती ट्रायल पर आधारित फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ जल्द ही रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म पूर्व स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और वर्तमान राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम (Ujjwal Nikam) की बायोपिक है, इसमें अभिनेता राजकुमार राव (Rajkummar Rao) ने उनका मुख्य किरदार निभाया है। ऐसे मे उज्ज्वल निकम ने फिल्म की मेकिंग, राजकुमार राव की अदाकारी और कसाब के ऐतिहासिक ट्रायल से जुड़े कई अनसुने पहलुओं पर खुलासा किया है।
उज्जवल निकम ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
उज्ज्वल निकम ने ‘फ्री प्रेस जर्नल’ संग खास बातचीत की। इस दौरान अपना किरदार निभा रहे अभिनेता राजकुमार राव की एक्टिंग की दिल खोलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “राजकुमार राव ने बेहद शानदार काम किया है। मैं यह नहीं कहूंगा कि उन्होंने कोर्टरूम में मेरी सिर्फ नकल (कॉपी) की है, बल्कि उन्होंने मेरे किरदार को गहराई से जिया है। उन्होंने मेरे कई पुराने वीडियो, बातचीत और कोर्टरूम एक्सप्रेशन्स देखकर खुद को इस रोल में ढाला है।”
उज्जवल निकम ने मेकर्स को दी थी चेतावनी
निकम ने खुलासा किया कि जब मैडॉक फिल्म्स (Maddock Films) के निर्माता दिनेश विजान और निर्देशक अविनाश अरुण इस प्रोजेक्ट का आइडिया लेकर उनके पास आए थे, तो उन्होंने शुरुआत में ही उन्हें आगाह कर दिया था। निकम ने हंसते हुए याद किया, “मैंने उनसे सीधा सवाल पूछा था कि क्या आप वाकई एक वकील की नीरस और कानून से भरी जिंदगी पर फिल्म बनाना चाहते हैं? इसमें कोई कमर्शियल या फिल्मी मसाला नहीं होगा। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी व्यक्ति का महिमामंडन करने के बजाय उस ऐतिहासिक अदालती लड़ाई का सच दुनिया को दिखाना चाहते हैं।”
कसाब का ट्रायल और भारतीय संविधान की असली ताकत
उज्ज्वल निकम के अनुसार, फिल्म ‘प्रहार’ केवल आतंकी हमले या किसी व्यक्ति विशेष की कहानी नहीं है, बल्कि यह एक बेहद कड़ा कोर्टरूम ड्रामा है। फिल्म का सबसे महत्वपूर्ण पहलू अजमल कसाब के पकड़े जाने के बाद चलाए गए लंबे और पारदर्शी कानूनी ट्रायल को दिखाना है।
निकम ने बताया कि उस समय जनता में आक्रोश था कि जब कसाब रंगे हाथों जिंदा पकड़ा गया था, तो उसे तुरंत फांसी क्यों नहीं दी गई? लेकिन भारत ने एक लोकतांत्रिक देश के नाते संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कसाब को पूरा कानूनी अवसर दिया। फिल्म यह दिखाती है कि कैसे प्रॉसिक्यूशन ने रात-दिन एक करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की साजिश को साबित करने के लिए सबूत जुटाए और गवाहों के बयान दर्ज कराए। निर्देशक अविनाश अरुण ने इस जटिल कानूनी लड़ाई को बेहद सूक्ष्मता के साथ पर्दे पर उतारा है।
प्रहार का मुंबई में भव्य तरीके से हुआ था ट्रेलर लॉन्च
बता दें, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार 29 अक्टूबर को मुंबई के ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर ‘प्रहार : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का ट्रेलर आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया है। CSMT स्टेशन 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान मुख्य निशाना बने स्थानों में से एक था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने फिल्म के मेकर्स, स्टारकास्ट और अभिनेता राजकुमार राव की जमकर तारीफ की थी।

