हरदोई के बेहटा गोकुल थाना में रायपुर भदेवना गांव के बाहर से गुजर रही सूखेता नदी में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी की पुलिया के पास घनी जलकुंभी के बीच फंसे शव को देखकर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। भदेवना ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सूखेता नदी में एक शव बहते या फंसे होने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे रायपुर भदेवना के ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के बाहर नदी में पुलिया के पास जलकुंभी के बीच एक शव अटका हुआ है। सूचना मिलते ही बेहटा गोकुल थाने के उपनिरीक्षक (एसआई) अरविंद सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो शव नदी में उगी घनी जलकुंभी के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। स्थानीय पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। उसने काले रंग का लोअर और ग्रे रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। शव की हालत देखने से आशंका जताई जा रही है कि वह पिछले एक-दो दिनों से पानी में बह रहा था। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों या आसपास के लोगों में से कोई भी मृतक की पहचान नहीं कर सका। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और गांवों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस (मोर्चरी) भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

