बृजभूषण बोले- सुजीत के साथ 3 साल पहले हुआ अन्याय:गोंडा में एशियन गेम्स में मेडल पर कहा- देश को गर्व, उस समय कुश्ती के कई खिलाड़ियों का नुकसान हुआ

बृजभूषण बोले- सुजीत के साथ 3 साल पहले हुआ अन्याय:गोंडा में एशियन गेम्स में मेडल पर कहा- देश को गर्व, उस समय कुश्ती के कई खिलाड़ियों का नुकसान हुआ

गोंडा के कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार सुबह 10:30 बजे अपने आवास विश्नोहरपुर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान पहलवान सुजीत कलकल को एशियन गेम्स में मेडल मिलने पर उन्होंने कहा कि पूरा देश गर्व कर रहा है। साथ ही उन्होंने तीन साल पहले सुजीत के साथ अन्याय का मुद्दा उठाया। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि तीन साल पहले सुजीत कलकल ने फेडरेशन का दरवाजा खटखटाया था और उन्होंने भी उसकी पैरवी की थी। उस समय फेडरेशन भंग थी और एडहॉक कमेटी काम कर रही थी। उनके मुताबिक, एडहॉक कमेटी ने बिना ट्रायल के बजरंग पूनिया को भेज दिया। उन्होंने दावा किया कि जिस जापानी पहलवान से बजरंग पूनिया 10-0 से हारे थे, उसे सुजीत ने बुरी तरह हराया था। बृजभूषण के मुताबिक, उस समय भी सुजीत मेडल का दावेदार था और तीन साल तक उसने कोर्ट, सरकार और अन्य स्तरों पर अपनी बात रखी। ‘तीन साल का दौर कुश्ती के लिए नुकसानदायक रहा’ बृजभूषण ने कहा कि इस दौरान पंचायतें हुईं और कुछ लोगों ने इनाम की घोषणा भी की। उनके अनुसार, इसके बावजूद तत्कालीन खेल मंत्रालय और एडहॉक कमेटी ने सुजीत की बात नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि तीन साल का यह दौर कुश्ती के लिए नुकसानदायक रहा और इस दौरान कई खिलाड़ियों की कुश्ती प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि अगर यह दौर नहीं आता तो भारत के खाते में और मेडल हो सकते थे। अब सुजीत के मेडल जीतने पर उन्होंने उसे बधाई देते हुए कहा कि पूरे देश की ओर से उसे शुभकामनाएं हैं। विनेश फोगाट के ट्रायल को लेकर भी उठाए सवाल तीन साल पहले खेल मंत्रालय और सुजीत कलकल की बात नहीं सुने जाने के सवाल पर बृजभूषण ने तत्कालीन परिस्थितियों का जिक्र किया। उन्होंने विनेश फोगाट के दो वेट कैटेगरी में ट्रायल को लेकर भी सवाल उठाए। बृजभूषण ने कहा कि उन्होंने उस समय विनेश फोगाट से पूछा था कि क्या कुश्ती में ऐसा कोई नियम है कि एक दिन में दो वेट कैटेगरी में ट्रायल दिया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद एडहॉक कमेटी और तत्कालीन मंत्रालय ने उन्हें दो वेट कैटेगरी में ट्रायल कराया। उन्होंने वजन लेने और पक्षपात को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि इसका नतीजा ओलंपिक में सामने आया। ‘मैं जूनियर खिलाड़ियों के साथ खड़ा था’ बृजभूषण ने कहा कि तीन साल के दौरान कई खिलाड़ियों को नुकसान हुआ। उन्होंने अपने पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि वह जूनियर खिलाड़ियों के साथ खड़े थे, क्योंकि वे देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनका विरोध किया गया। भारत-पाकिस्तान मैच पर बोले- हर भारतीय इंडिया की जीत चाहेगा एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर बृजभूषण ने कहा कि हर भारतवासी यही चाहेगा कि इंडिया जीते। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला चाहे हॉकी, क्रिकेट या कुश्ती का हो, हर भारतीय की इच्छा भारत की जीत की होती है। आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर दी शुभकामनाएं कांग्रेस की ओर से आराधना मिश्रा को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर बृजभूषण ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से प्रमोद तिवारी और उनके परिवार से उनके अच्छे संबंध हैं। उन्होंने आराधना मिश्रा को शिष्ट महिला बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह अच्छा काम करें तथा कांग्रेस को मजबूत करें। आराधना मिश्रा को 2 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अजय राय को हटाए जाने और उनके भाजपा में जाने की चर्चा पर बृजभूषण ने कहा कि किसी को हटाना या किसी को लाना संगठन की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इसे अजय राय के खराब प्रदर्शन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, अजय राय करीब 3-4 साल अध्यक्ष रहे और अब प्रक्रिया के तहत आराधना मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी शुभकामना है कि कांग्रेस आगे बढ़े। साथ ही उन्होंने प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा के साथ अच्छे संबंध होने की बात कहते हुए दोनों को शुभकामनाएं दीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *