सतना के सिंहपुर थाना पुलिस ने नागौद-कालिंजर मार्ग पर अवैध शराब की तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑटो-रिक्शा में 6 कार्टून में 300 पाव देशी और अंग्रेजी शराब भरकर सिंहपुर से पन्ना ले जा रहा था। पुलिस ने शराब, ऑटो और मोबाइल फोन समेत कुल 2 लाख 44 हजार 600 रुपए का सामान जब्त किया है। मुखबिर की सूचना पर ऑटो को घेरा थाना प्रभारी विशन सिंह मरावी के मुताबिक, गुरुवार रात पुलिस टीम नागौद-कालिंजर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ऑटो में अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने महतैन-खनगढ़ मोड़ के पास घेराबंदी कर ऑटो क्रमांक MP 35 ZG 6208 को रोक लिया। तलाशी लेने पर ऑटो में 6 कार्टून रखे मिले। इनमें देशी और अंग्रेजी शराब के कुल 300 पाव थे। पुलिस ने शराब के साथ ऑटो और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। पन्ना में बेचने के लिए ले जा रहा था शराब पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक उर्फ कल्लू पांडेय (28), निवासी इटौरा, जिला पन्ना बताया। पुलिस के अनुसार, वह शराब को अवैध बिक्री के लिए पन्ना ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

