सतना जिले की नागौद पुलिस ने डुड़हा गांव में कार्रवाई कर 32 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 3 लाख 21 हजार 500 रुपए है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे जेल भेज दिया।
पुलिस को गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि डुड़हा निवासी संतकुमार उर्फ संतू पाल (28) के घर गांजा छिपाकर रखा है। पुलिस ने घर में दबिश देकर तलाशी ली। निर्माणाधीन कमरे में प्लास्टिक की झाल और बोरी में छिपाकर रखा गांजा मिला।
पूछताछ में संतकुमार ने बताया कि करीब तीन हफ्ते पहले गांव के गुड्डा उर्फ अमरजीत कोल ने उसे पैसे कमाने का लालच दिया था। उसने गांजा घर में छिपाने को कहा था, जिसे एक अज्ञात व्यक्ति ने पहुंचाया। पुलिस गुड्डा की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी से सप्लायर के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

