बॉर्डर से खेप उठा पारसदीप को देता था पूर्व पंचायत मेंबर

बॉर्डर से खेप उठा पारसदीप को देता था पूर्व पंचायत मेंबर

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना घरिंडा पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में 10 किलो हेरोइन और 10 पिस्तौलों के साथ पूर्व पंचायत मेंबर सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान काहनगढ़ अटारी के पूर्व पंचायत मेंबर गुरमुख सिंह उर्फ बोदी, माहल निवासी पारसदीप सिंह, गलूवाल निवासी राजनप्रीत सिंह और राजाताल कॉलोनी निवासी विजय के रूप में हुई है। आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 27 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर राजनप्रीत और विजय को 5 ग्लॉक व 5 पीएक्स-5 पिस्तौलों के साथ दबोचा गया। वहीं 28 सितंबर को की गई दूसरी कार्रवाई में पारसदीप और गुरमुख सिंह को 10 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार मंगवाकर आगे आपराधिक तत्वों को सप्लाई करते थे। हथियारों के साथ पकड़ा गया विजय प्लंबर का काम करता है और मार्च 2025 में 425 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। 8 महीने पहले जमानत पर बाहर आकर वह राजनप्रीत (मिस्त्री) के साथ मिलकर टारगेट किलिंग के लिए हथियारों की सप्लाई करने लगा था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में अहम खुलासे होने की संभावना है। आरोपियों की निशानदेही पर अभी और रिकवरी हो सकती है। हेरोइन समेत पकड़ा गया आरोपी पारसदीप सिंह दुबई में बैठे गैंगस्टर किशन जंडियाला के लिए काम करता था। दिहाड़ी-मजदूरी की आड़ में पारसदीप अब तक 12 बार छेहर्टा से हेरोइन उठाकर तरनतारन, सराय अमानत खां और खेमकरण में सप्लाई कर चुका है। अटारी बॉर्डर के पास से ड्रोन के जरिए आई हेरोइन की डिलीवरी पूर्व पंचायत मेंबर गुरमुख सिंह उठाता था और आगे पारसदीप सिंह को सौंपता था। जानकारी देते गुरप्रीत भुल्लर।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *