लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुए भारी उपद्रव और हिंसा के मामले में जालंधर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ताओं पकड़ा है। पुलिस की विशेष जांच में खुलासा हुआ है कि इंटरनेट पर माहौल बिगाड़ने और पुलिस की गाड़ियों पर हमला करवाने के पीछे दो बड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स मोहम्मद फरहत देव और जेम्स दहिया का मुख्य हाथ है। आरोपी फरहत को दबोचने के लिए जालंधर पुलिस की स्पेशल रेडिंग टीम जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ रवाना कर दी गई है। वहीं, मुंबई से अरेस्ट किए गए दो अहम आरोपियों कृष्ण कुमार और छात्र भविष्य को पुलिस टीम फ्लाइट से जालंधर ला रही है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि इन दोनों को अच्छी तरह पता था कि मौके पर पेट्रोल कौन लाया था। बवाल के बाद इन्होंने जलती गाड़ियों की वीडियो शेयर कर लिखा था-हमें इंसाफ मिल गया है। डीआईजी सिंगला ने कहा कि पुलिस का इरादा लाठीचार्ज का बिल्कुल नहीं था। लेकिन बाहरी उपद्रवियों ने साजिश के तहत पुलिस को निशाना बनाया और कैंपस में तोड़फोड़ व लूटपाट की। इनके खुलासे के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। रेप एंगल’ पर एसआईटी का रुख, हर फुटेज की बारीकी से जांच… रेप की अफवाह और बवाल पर डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि कोई पीड़िता सामने नहीं आई है। विशेष जांच टीम गहराई से पड़ताल कर रही है। पुलिस किसी भी संभावना को खारिज न करते हुए हर पहलू से जांच आगे बढ़ा रही है। गर्ल्स हॉस्टल नंबर-3 की वार्डन, सिक्योरिटी गार्ड्स और हाउसकीपिंग स्टाफ से पूछताछ की गई है। कुछ छात्राओं से भी इनपुट लिए गए हैं। सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है जिस व्हाट्सएप/सोशल मीडिया मैसेज से रेप की बात फैलाकर भीड़ जुटाई गई थी, उस मैसेज के ओरिजिन (शुरुआत) को ट्रेस करने के लिए फोरेंसिक टीम जुटी हुई है। 1. उकसावे में आकर फूंकीं अफसरों की गाड़ियां… जम्मू से पकड़े गए आरोपी साहिल और अंतरिक्ष दत्ता ने कबूला कि वे फरहत के संपर्क में थे। फरहत ने ही उन्हें लगातार भड़काऊ मैसेज भेजे, जिसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। आरोपी आशुतोष ने पुलिस को बताया, मैंने खुद आग नहीं लगाई थी, लेकिन भीड़ के साथ मिलकर पुलिस की गाड़ियां पलटने में पूरा साथ दिया था। 2. जान बचाकर भागे थे ड्राइवर… उपद्रवियों ने सोची-समझी साजिश के तहत डीएसपी फिल्लौर, डीएसपी आदमपुर और थाना कोतवाली के एसएचओ की गाड़ियों को निशाना बनाया। अधिकारियों के ड्राइवरों ने बताया कि उन्होंने गाड़ियों को फ्लाईओवर पर पार्क किया था। अचानक भीड़ ने पथराव कर दिया। जब वे पीछे हटने लगे, तो पेट्रोल छिड़ककर गाड़ियों में आग लगा दी। 3. पिज्जा डिलीवरी बॉयज और ‘शेरू गैंग’ का गठजोड़… पुलिस ने जालंधर, होशियारपुर और अमृतसर में छापेमारी कर पिज्जा डिलीवर जसमीत और गगनदीप को गिरफ्तार किया है। दोनों ने माना कि वे यूनिवर्सिटी के अंदर पिज्जा डिलीवरी करने जाते थे, इसलिए सुरक्षाकर्मी उन्हें नहीं रोकते थे। इसी का फायदा उठाकर वे अपने बाहरी साथी ‘शेरू’ और उसकी गैंग के साथ घुसे थे। शेरू गैंग की तलाश की जा रही है। 4. डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस… डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मौजूद हैं। भीड़ में छिपकर हमला करने वाले चेहरे बेनकाब करने के लिए हर वीडियो की जांच कर रहे हैं।

