विदिशा | रिसर्च सोसायटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (आरएसएसडीआई) मध्यप्रदेश का 11वां दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन 3 और 4 अक्टूबर को मगधम रिसॉर्ट, सांची में आयोजित किया जा रहा है। इसमें मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, दिल्ली सहित देशभर के डायबिटीज विशेषज्ञ शामिल होंगे। शुक्रवार तक 900 डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन हो चुका था। अब तक भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों तक सीमित रहा यह प्रादेशिक सम्मेलन पहली बार विदिशा में आयोजित हो रहा है। जिले में 8 हजार से अधिक ऐसे मरीज हैं, जिन्हें डायबिटीज होने की जानकारी है। वहीं, हजारों लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें अपनी बीमारी का पता नहीं है और वे बचाव के उपाय नहीं कर रहे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधायक मुकेश टंडन भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे मधुमेह मित्र पुस्तक का विमोचन करेंगे। आयोजन सचिव डॉ. राजेश अग्रवाल के विशेष योगदान और डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव सहित 10 डॉक्टरों की टीम के प्रयासों से यह सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इसमें युवा डॉक्टरों के 15 शोध पत्र और 20 पोस्टर प्रस्तुत किए जाएंगे।

