Junior NTR Reaction: जूनियर NTR ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘देवरा: पार्ट 1’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ से जुड़े एक मॉर्फ्ड और AI-जेनरेटेड वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताई है। एक्टर ने इस वीडियो को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए इसे बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही इसके साथ किसी तरह जुड़ें।
जूनियर NTR ने आज शनिवार को X पर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिना वीडियो शेयर किए AI के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई और कहा कि इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल किसी महिला को अपमानित करने के लिए किया जाना बेहद शर्मनाक है।
‘AI का इस्तेमाल करके इतनी घटिया चीज बनाना शर्मनाक’
जूनियर NTR ने लिखा, “घिनौना, बीमार और बेशर्म।” उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं को मां और देवी के रूप में सम्मान देने की बात की जाती है, वहां AI के जरिए किसी महिला की बेइज्जती करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
एक्टर ने कहा कि इस तरह का कंटेंट बनाना शब्दों से परे शर्मनाक है। उन्होंने साफ किया कि वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे और वीडियो बनाने वालों के साथ-साथ उसे फैलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कदम उठाएंगे।
‘मैं तुममें से किसी को भी नहीं छोड़ूंगा’
जूनियर NTR ने मॉर्फ्ड वीडियो के पीछे मौजूद लोगों को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, “मैं तुममें से किसी को भी नहीं छोड़ूंगा।” उन्होंने कहा कि इसे बनाने और फैलाने में शामिल लोगों के खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक्टर ने सोशल मीडिया यूजर्स से भी अपील की कि वे इस तरह के कंटेंट को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का जरिया न बनें। उन्होंने कहा कि आज इसका शिकार कोई और है, लेकिन कल ऐसी स्थिति किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकती है। बता दें, जूनियर NTR ने केंद्र सरकार और सभी राज्य सरकारों से AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है और ऐसे मामलों को रोकने के लिए कड़े नियम और कार्रवाई जरूरी है।
‘चुट्टामल्ले’ में नजर आए थे जूनियर NTR और जान्हवी कपूर
‘चुट्टामल्ले’ गाना 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ का हिस्सा था। अनिरुद्ध रविचंदर ने इसे कंपोज किया था, जबकि बॉस्को मार्टिस ने गाने को कोरियोग्राफ किया। इसे शिल्पा राव ने अपनी आवाज दी है। ये गाना कई भाषाओं में रिलीज हुआ था। इसके हिंदी वर्जन का नाम ‘धीरे धीरे’, तमिल में ‘पथ्थवाइक्कुम’, कन्नड़ में ‘स्वातिमुत्थे सिक्कांगैथे’ और मलयालम में ‘कन्निनाथन कमनोत्तम’ था।
दरअसल, ओरिजिनल गाने में जूनियर NTR और जान्हवी कपूर रोमांटिक अंदाज में नजर आए थे। फिल्म में जान्हवी ने थंगम का किरदार निभाया था, जबकि जूनियर NTR देवरा के रोल में थे। ‘देवरा: पार्ट 1’ से जान्हवी कपूर और सैफ अली खान ने तेलुगु सिनेमा में डेब्यू किया था।
मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक सेलिब्रिटी कंटेंट को लेकर है गंभीर चिंता
इतना ही नहीं, जान्हवी कपूर ने इससे पहले PTI से बातचीत में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के अपने अनुभव को लेकर भी बात की थी। उन्होंने कहा था कि इस माहौल में रहने और तेलुगु भाषा सुनने-बोलने से उन्हें अपनी दिवंगत मां और अभिनेत्री श्रीदेवी के करीब महसूस हुआ। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी मां का NTR और राम चरण के परिवारों के साथ पुराना जुड़ाव रहा है और दोनों कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात है।
जूनियर NTR की यह प्रतिक्रिया AI की मदद से तैयार किए जा रहे मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक सेलिब्रिटी कंटेंट को लेकर उनकी गंभीर चिंता को सामने रखती है। एक्टर ने खास तौर पर ऐसे कंटेंट को बनाने के साथ-साथ उसे शेयर और फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही है।



(@_NANU_01_)