युवक को थाने में पीटने पर चौकी इंचार्ज को हटाया:प्रयागराज में आधी रात तक चला था हंगामा, दरोगा को छुट्‌टी पर भेजा गया

युवक को थाने में पीटने पर चौकी इंचार्ज को हटाया:प्रयागराज में आधी रात तक चला था हंगामा, दरोगा को छुट्‌टी पर भेजा गया

बाइक चेकिंग के मामले में एक युवक को थाने ले जाकर पीटने के मामले में हंगामे के बाद अटाला चौकी प्रभारी दीपक नागर पर कार्रवाई हुई है। चौकी प्रभारी को चार्ज से हटा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने साफ नहीं किया कि कार्रवाई क्या हुई। कहा गया कि चौकी प्रभारी को छुट्‌टी पर भेज दिया गया है। दरोगा लाइन हाजिर है, या अन्य कार्रवाई इस पर किसी ने साफ कुछ नहीं बोला। असल में मामला वकीलों से जुड़ा है। भोर तक वकील प्रदर्शन कर अल्टीमेटम देते रहे थे। दरोगा पर कार्रवाई को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष थाने में आधी रात तक विरोध प्रदर्शन करते रहे थे। पुलिस की पिटाई से जख्मी युवक को भी थाने के बाहर ही लिटा दिया गया था। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ही भीड़ वहां से हटी थी। क्या था मामला जानिये खुल्दाबाद थाने में गुरुवार रात एक बजे जमकर हंगामा हुआ था। अटाला चौकी इंचार्ज पर एक युवक की पिटाई का आरोप लगाते हुए भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई और कार्रवाई की मांग करने लगी। लोगों का आरोप था कि अटाला के रहने वाले फैजान को चौकी इंचार्ज ने थाने में ले जाकर इतना पीटा कि उसका पैर टूट गया। जख्मी युवक के साथ लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात किसी प्रकार पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही गई है। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के अटाला इलाके में रहने वाला फैजान गुरुवार की रात अपनी बहन को लेकर बाइक से जा रहा था। आरोप है कि चौकी प्रभारी अटाला दीपक नागर ने बाइक रोक ली। कागजात चेक करने के बाद बाइक को थाने ले गए। आरोप है कि वहां फैजान को इतना पीटा कि उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना परिवार वालों को हुई तो वह भागते हुए थाने पहुंचे। रात करीब एक बजे भीड़ बढ़ती गई लोगों ने खुल्दाबाद थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। परिवार का कहना था कि बाइक में पीछे नंबर प्लेट लगी थी, जबकि आगे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसी बात को लेकर दरोगा ने फैजान को पीटना शुरू कर दिया था। हालांकि डीसीपी और एसीपी ने लोगों को समझा कर शांत कराया। साथ ही जांच का आश्वासन दिया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *