मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में शुक्रवार शाम कमरे के अंदर टांड के हुक से दुपट्टे के सहारे एक महिला का शव लटका मिला। मृतका की पहचान दुर्गावती केवट के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दुर्गावती अपने पति उमेश केवट और बच्चों के साथ प्रयागराज में मजदूरी का काम करती थी और करीब 15 दिन पहले ही परिवार के साथ गांव लौटी थी। परिजन ने बताया कि पिछले चार महीनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी, जिसके इलाज के साथ-साथ परिजन झाड़-फूंक भी करा रहे थे। परिजन ने क्या बताया? शाम को परिवार की ही सदस्य मंजू केवट जब दुर्गावती को बुलाने कमरे में गई, तो उसने दुर्गावती को फंदे से लटकता देखा। उसने तुरंत पति उमेश और अन्य रिश्तेदारों को खबर दी। सांसें चलने की उम्मीद में परिजन ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कल होगा पोस्टमॉर्टम सूचना मिलने पर नईगढ़ी थाने के बीट प्रभारी उप निरीक्षक (SI) राजेंद्र वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी की मर्चुरी में रखवा दिया है, जहां शनिवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

