Prakash Raj Support CJP Protest: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव प्रणाली में सुधारों की मांग को लेकर मुंबई में CJP द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन ने अब बड़ा सियासी रूप ले लिया है। संगीत निर्देशक विशाल ददलानी के समर्थन के बाद अब अभिनेता और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से राय रखने वाले प्रकाश राज (Prakash Raj) भी इस आंदोलन के पक्ष में खुलकर सामने आ गए हैं। प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर अपने तल्ख अंदाज में बयान जारी करते हुए चुनाव आयोग और सरकार पर करारा हमला बोला है।
प्रकाश राज ने वीडियो में क्या कहा?
प्रकाश राज ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर देशवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं और बेबाक बयान दिया, लेकिन साथ ही देश के मौजूदा सामाजिक माहौल पर गहरा चिंता भी जताई है।
प्रकाश राज ने कहा, “हाय फ्रेंड्स, हैप्पी महात्मा गांधी जयंती! यह हमारे बापू का दिन है, लेकिन जैसे ही हम यह जश्न मनाते हैं, हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि कुछ ऐसे तत्व हैं जो हमारे महात्मा की हत्या करने वाले गोडसे का महिमामंडन करते हैं। ये वही सोच के लोग हैं जो सीएए (CAA) और अन्य माध्यमों के जरिए हमारी नागरिकता और हमारे लोकतंत्र के बुनियादी ढांचे को खत्म करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।”
“कॉकरोच वापस आ गए हैं, अधिकारों के लिए खड़े हो जाओ”
मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी द्वारा आयोजित प्रदर्शन और देश भर में हो रहे आंदोलनों का जिक्र करते हुए प्रकाश राज ने युवाओं और सिविल सोसाइटी से सड़कों पर उतरने की अपील की।
उन्होंने आगे कहा, “इस देश का युवा, नागरिक समाज और ‘कॉकरोच’ ऐसा कभी नहीं होने देंगे। आज के दिन पूरे देश भर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली में नेहा बोहरा इसका नेतृत्व कर रही हैं, वहीं मुंबई में कॉकरोच वापस आ गए हैं। जाओ, बढ़-चढ़कर भाग लो और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए इस शांतिपूर्ण आंदोलन में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो जाओ।”
“ज्ञानू और रंगा-बिल्ला का काम अब खत्म हो चुका है”- प्रकाश राज
मुख्य चुनाव आयुक्त और सत्तासीन नेताओं पर सीधा और कड़ा हमला बोलते हुए प्रकाश राज ने कहा, “मेरे दोस्त, तुमसे कह रहा हूं- गणेश जी का विसर्जन तो हो गया, लेकिन इस देश में अब ‘ज्ञानू’ का विसर्जन बाकी है। ज्ञानू… और तुम भी रंगा-बिल्ला! अब बहुत हो गया भाई, हम देख लेंगे। तुम लोगों का काम अब खत्म हो चुका है, मैं तो बस ऐसे ही पूछ रहा हूँ।”
प्रकाश राज के इस बयान ने मुंबई पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने के बावजूद शिवाजी पार्क में हो रहे सीजेपी के आंदोलन को और अधिक राजनीतिक गर्मी दे दी है।


