चीफ का कैसा ‘स्वागत’ करेंगे ‘राजा साहब’:सौगातों के बाद लोगों की ‘बल्ली-बल्ली’; पुलिसकर्मी ने बताया-‘कैसा हो सरपंच’

चीफ का कैसा ‘स्वागत’ करेंगे ‘राजा साहब’:सौगातों के बाद लोगों की ‘बल्ली-बल्ली’; पुलिसकर्मी ने बताया-‘कैसा हो सरपंच’

नमस्कार, भरतपुर में कांग्रेस के सीनियर नेता ने ‘तोप का गोला’ दाग दिया है। गोला सीधे चीफ साहब पर छोड़ा गया है। बाड़मेर में राजनीतिक कार्यक्रम के बाद लोग टेंट की बल्लियां उखाड़कर ले जाते दिखे और एक पुलिसकर्मी ने पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं से खास अपील की है। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. चीफ पर क्यों भड़के हुए हैं ‘राजा साहब’? उनके पुरखे भरतपुर के महाराजा थे। राजतंत्र चला गया, लेकिन नेताजी का राजाओं वाला रौब कायम है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की सबसे ऊंची कुरसी पर काबिज होने के सपने देख रही है। रणनीति बनाकर चुनाव आयुक्त का घेराव करने में एकजुटता दिखा रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस के अंदर ही नेतागण आपस में एक दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर घेर रहे हैं और इल्जाम की झड़ी लगाकर ‘धमकी टाइप’ बातें लिख रहे हैं। मामला पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह से जुड़ा है। इन दिनों वे सोशल मीडिया के जरिए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर तोप के गोले दाग रहे हैं। उन्होंने निकाय चुनाव का उदाहरण देते हुए अपने मन की भड़ास को कुछ इन शब्दों में पिरोकर पेश किया। लिखा- भरतपुर डीग में कांग्रेस का बंटाधार कर दिया। चहेतों को जिलाध्यक्ष बना दिया। असल कार्यकर्ता दरकिनार हो गया। जनता ने सबक सिखा दिया। जिलाध्यक्षों के बचाने वाले चीफ को जनता सबक सिखाने तैयार बैठी है। इन्होंने पार्टी को डुबो दिया। चीफ मूक-बधिर है। प्रदेश नेतृत्व होश में आओ। इतना लिखने के बाद नेताजी को चैन आ जाना चाहिए था। लेकिन नहीं आया। उन्होंने दूसरा गोला ‘श्रीमान डोटासरा जी की हकीकत’ के नाम से दागा। लिखा- फलां भर्ती में फलां-फलां व्यक्ति का चयन सत्ता के दुरुपयोग से हुआ। अमुक व्यक्ति को आरक्षण का लाभ दिया गया। अमुक परीक्षा में धांधली की गई। इतना ही नहीं, नेताजी ने मुख्यमंत्री जी से जांच की मांग कर डाली। जब किसी के प्रति किसी के मन में कड़वाहट आ जाती है तो पुरानी बातें भी याद आने लगती हैं। इन नियम से नेताजी को चीफ साहब का 5 महीने पुराना वह बयान भी याद आ गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भरतपुर वाले तो रास्ता बताने का भी पैसा मांगते हैं। इसी बयान का जिक्र करते हुए नेताजी ने चीफ साहब को भरतपुर पधारने का न्योता दिया, साथ ही ‘रास्ता बताने’ का वादा भी किया। यह भी कहा कि आपका स्वागत उसी विधि-विधान से किया जाएगा जो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का किया था। अब भरतपुर में पूर्व अध्यक्ष जी के साथ क्या हुआ था, इसके पीछे भी पूरी कहानी है। 2. बाड़मेर वालों की ‘बल्ली-बल्ली’ मुख्यमंत्री जी बाड़मेर पहुंचे। यहां कम बारिश के कारण अकाल के हालात। ऐसे में टैंकरों से पानी पहुंचाने का ऐलान किया। कलेक्टर को कह दिया कि अकाल राहत के लिए 1 करोड़ की मंजूरी जारी करें। पशुओं के लिए चारा डिपो खोलने की बात कही। कुल मिलाकर करोड़ों के हजार शिलान्यास-लोकार्पण किए। प्रोग्राम जिले के बाछडाऊ गांव में था। मुख्यमंत्री के चले जाने के बाद टेन्ट उतर गए। इसके बाद अजब नजारा देखने को मिला। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए जो बल्लियां लगाई गई थीं, उन पर लोग टूट पड़े। जिसके जितनी बल्लियां हाथ लगीं, उतनी ही उठाकर चल पड़ा। किसी के पोस्टर का तिरपाल हाथ आया तो किसी के लोहे का एंगल। कुछ देर में सभास्थल को ‘क्लीन स्वीप’ कर दिया गया। एक महिला अपनी क्षमता से अधिक बल्लियां ले जाने के प्रयास में बार-बार विफल हो रही थी। जो लोग बल्लियां नहीं ले जा पा रहे थे, वे वीडियो बनाकर बल्ली ले जाने वालों की पोल खोल रहे थे। 3. चलते-चलते… उनका नाम पांचूराम गुर्जर है। वे पुलिस विभाग में हैं। बीकानेर के बताए जाते हैं। उन्हें रील बनाने का शौक है। वर्दी धारण करने के बाद जब भी उनके मन-मस्तिष्क में कोई ज्ञान की बात कुलबुलाती है तो वे रील बना देते हैं। निकाय चुनाव निपटने के बाद अब पंचायत के चुनाव आने वाले हैं। पांचूरामजी को विचार कि क्यों न पंचायत चुनाव को लेकर कुछ बनाया जाए। उन्होंने सरपंच चुनने वाले वोटर को संबोधित किया और ज्ञान की गंगा बहा दी। उन्होंने वोट के जरिए सही व्यक्ति को सरपंच चुनने की अपील कुछ इन शब्दों में की- उन्होंने कहा- सरपंच चुनने से पहले उम्मीदवार में ये बातें परख लें.. 1. क्या हमारा सरपंच किसी सरकारी अधिकारी से बात करने के काबिल है?
2. क्या हमारा सरपंच सरकारी योजना का लाभ दिला सकता है?
3. क्या हमारा सरपंच खुद कोई फॉर्म भर सकता है?
4. क्या हमारा सरपंच हमारे बच्चों को स्कूल में मिलने वाली योजना का लाभ दिला सकता है?
5. क्या हमारा सरपंच एक फोन पर खुद की लोकेशन बता सकता है? वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *