Jaipur Hotel Blue Shine Death Case: राजधानी जयपुर में बजाज नगर थाना क्षेत्र स्थित होटल ब्लू शाइन के एक कमरे में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान विराटनगर के मेड निवासी प्रेमप्रकाश खींची के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन महीने से घर से गायब थे। बुधवार सुबह उन्होंने अपने बड़े भाई के व्हाट्सएप पर पांच पन्नों का ‘नोट’ भेजा, जिसमें नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वालों के नाम लिखे गए हैं।
परिजनों ने प्रेमप्रकाश से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसके होटल ब्लू शाइन में होने की जानकारी मिली। इसके बाद होटल से संपर्क किया गया। परिजन का आरोप है कि उसके हाथ में कैनुला लगा हुआ था और ड्रिप चढ़ रही थी। होटल रिसेप्शन से कमरे में किसी अन्य व्यक्ति के होने की बात कही गई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोपहर करीब 1.30 बजे कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, जहां प्रेमप्रकाश मृत मिला। उधर, घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वकीलों ने गुरुवार को बजाज नगर थाने के बाहर रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया।

हाथ में कैनुला, लगी थी ड्रिप
परिजन ने मौके पर पहुंचकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना था कि मृतक के हाथ में कैनुला लगा हुआ था और ड्रिप चढ़ रही थी। शव की पीठ और शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। कमरे की खिड़की के पास बनी गैलरी में खून के धब्बे भी पाए गए हैं। परिजन का आरोप है कि यह सोची-समझी साजिश के तहत हत्या कर शव को सुसाइड का रूप देने का मामला है। उन्होंने होटल कर्मियों की भूमिका की भी जांच की मांग की है। मृतक प्रेमप्रकाश एमएससी नर्सिंग का छात्र होने के साथ-साथ नर्सिंग स्टूडेंट्स को ट्यूशन भी पढ़ाता था।
वकीलों के प्रदर्शन से यातायात रहा प्रभावित
गुरुवार को इस मामले के विरोध में और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में वकील बजाज नगर थाने के बाहर पहुंच गए। वकीलों और समर्थकों ने थाने के बाहर दोनों तरफ वाहन खड़े कर रास्ता जाम कर दिया। इसके चलते आमजन और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में पुलिस को बजाज नगर तिराहे के पास बैरिकेडिंग करनी पड़ी और यातायात डायवर्ट करना पड़ा।

परिजनों की मांगें
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और वकीलों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने, मृतक के आश्रितों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने, उसकी विधवा पत्नी को सरकारी नौकरी और परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। फिलहाल, मृतक का शव जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक परिजनों ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया।
मृतक प्रेमप्रकाश (31) छह भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी पत्नी रिया और तीन माह का बच्चा है। एक भाई वकील है, जबकि अन्य भाई पढ़ाई कर रहे हैं। पिता ओमप्रकाश कई सालों से दिव्यांग हैं। मांगों को लेकर गुरुवार रात तक धरना-प्रदर्शन जारी था।

