हरदोई में चोरी के शक में घरेलू सहायिका को कुर्सी से बांधकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। कोतवाली देहात क्षेत्र की नेक्सरा कॉलोनी में 30 सितंबर की शाम करीब 5 बजे हुई घटना का वीडियो 1 अक्टूबर की शाम को सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। पीड़िता की तहरीर पर मकान मालिक परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। ढाई महीने से घर में काम कर रही थी पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उपासना हरदोई के बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के उमरनपुर बौरा गांव की रहने वाली है। वह पिछले ढाई महीने से नेक्सरा कॉलोनी निवासी आकांक्षा पत्नी आकाश के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी। आरोप है कि घर में आभूषण चोरी होने के शक में आकांक्षा और परिवार की अन्य महिलाओं ने उपासना को पकड़ लिया। चोरी कबूल कराने के लिए उसे कुर्सी से बांध दिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। वीडियो में कुर्सी से बंधी दिखी महिला वीडियो में उपासना कुर्सी से बंधी दिखाई दे रही है। वीडियो में एक महिला डंडे से उसका गला दबाती नजर आ रही है। आरोप है कि आभूषण चोरी का शक होने पर महिला को पुलिस के हवाले करने के बजाय परिवार के लोगों ने खुद ही उसे बंधक बनाकर पीटा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। पीड़िता बोली- आभूषण सुरक्षित रखने के लिए उठाए थे पीड़िता उपासना ने चोरी के आरोप से इनकार किया है। उसका कहना है कि घर में खुले में पड़े आभूषणों को उसने सुरक्षित रखने के लिए उठाया था। इसके बावजूद उस पर चोरी का शक जताकर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता की शिकायत पर आकांक्षा, आशीष, दीपिका, सोनी और वाणी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में दलित उत्पीड़न से संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस बोली- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश क्षेत्राधिकारी सिटी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। पुलिस वीडियो, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

