Ahmedabad: गोता के जनतानगर पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव लिया वापस, समीक्षा के बाद होगा निर्णय

Ahmedabad: गोता के जनतानगर पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव लिया वापस, समीक्षा के बाद होगा निर्णय

Ahmedabad. शहर के गोता वार्ड के जनतानगर में प्रस्तावित ओवरब्रिज को लेकर बनाए गए प्रस्ताव को फिलहाल मनपा ने वापस ले लिया है। अब ओवरब्रिज बनाने से पहले वैकल्पिक ट्रैफिक प्रबंधन, जंक्शन सुधार, वन-वे सिस्टम और सिग्नल ऑप्टिमाइजेशन जैसे विकल्पों की समीक्षा की जाएगी। इन विकल्पों का आकलन और जरूरी जानकारी जुटाने के बाद प्रस्ताव को दोबारा स्थायी समिति के सामने रखा जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को हुई स्थायी समिति की बैठक में लिया गया।

समिति के अध्यक्ष कमलेश पटेल ने बताया कि देशभर में चल रहे रेलवे फाटक-मुक्त अभियान के तहत जनतानगर में ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, ओवरब्रिज से पहले ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संचालित करने के दूसरे विकल्पों का मूल्यांकन जरूरी है। इसलिए फिलहाल प्रस्ताव वापस कर दिया है। संबंधित अधिकारियों को विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।

नवरात्रि में रात को भी खाने-पीने की जांच

उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए मनपा ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सख्ती के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को दिन के साथ अब रात में भी खाने-पीने के बाजारों में जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर नवरात्रि में सड़कों पर लगने वाले खाद्य बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। टीमें खाद्य पदार्थों के नमूने लेंगी और जांच कराएंगी।

बिना मंजूरी पटाखा बेचने वाली 30 इकाइयां सील

दिवाली के दौरान पटाखों के कारोबार को लेकर भी मनपा ने कार्रवाई तेज की है। पटाखा कारोबार के लिए एएमसी की बीयू परमिशन, फायर विभाग और पुलिस विभाग की मंजूरी जरूरी है। हाल में जरूरी मंजूरी नहीं होने पर 30 इकाइयों को सील किया गया है। रायपुर और कालूपुर सहित क्षेत्रों में बिना मंजूरी पटाखा कारोबार मिलने पर यह कार्रवाई की गई।दिल्ली दरवाजा क्षेत्र में मनपा की किराए पर दी गई जगहों पर पटाखा कारोबार करने वाली इकाइयों की भी जांच के निर्देश दिए हैं। दो दिन में रिपोर्ट मांगी गई है कि संबंधित जगहों के लिए बीयू परमिशन है या नहीं और मूल किराएदार ही कारोबार कर रहे हैं या जगह किसी अन्य को किराए पर दी गई है।

भारी बारिश के मुआवजे के लिए मिलीं 75 अर्जियां

23 जुलाई को हुई अतिभारी बारिश से हुए नुकसान के मुआवजे के लिए 30 सितंबर तक मनपा को 75 आवेदन मिले हैं। इनकी जांच चल रही है। इसमें तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी शामिल हैं। दस्तावेज और नुकसान के प्रमाणों की जांच पूरी होने के बाद नुकसान के आधार पर राहत को लेकर निर्णय होगा।

सीजी रोड स्मार्ट पार्किंग से एक सप्ताह में 36 हजार की आय

सीजी रोड पर शुरू की गई स्मार्ट पार्किंग से पिछले सप्ताह मनपा को करीब 36 हजार रुपए की आय हुई है। पटेल ने बताया कि कुछ नागरिक अभी ऑनलाइन पार्किंग और भुगतान की प्रक्रिया से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। इसके कारण वाहन सही तरीके से पार्क नहीं होने से ट्रैफिक की समस्या भी सामने आ रही है। नागरिकों को ऑनलाइन पार्किंग और भुगतान की प्रक्रिया समझाने के लिए पार्किंग स्थलों के आसपास मार्गदर्शक और सूचनात्मक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *