जोधपुर नगर निगम के मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने गुरुवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में निगम अधिकारियों की पहली बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा- दीपावली से पहले पूरा शहर साफ और रोशन नजर आना चाहिए। इतना ही नहीं शहर में की सड़कों पर न तो गड्ढे दिखने चाहिए और न ही स्ट्रीट लाइट बंद रहनी चाहिए। उन्होंने निगम अधिकारियों को ये भी कहा कि दीपावली पर बेहतर रोशनी और सजावट करने वाले बाजार और मोहल्लों को सम्मानित भी किया जाना चाहिए। इसके अलावा पार्षदों के साथ मिलकर ग्राउंड पर उतरने के लिए भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि दीपावलनी से पांच-सात दिन पहले वे शहर में औचक निरीक्षण पर भी निकलेंगे। इस दौरान सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सड़कों की स्थिति में कमी मिली तो संबंधित अधिकारी- कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। दीपावली से पहले शहर की गलियों में चलेगा सफाई अभियान बैठक में उन्होंने कहा- दीपावली से पहले शहर की सभी गलियों और प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। जिन जगहों पर निर्माण कार्य के कारण सड़कें उखड़ी हुई हैं, वहां तत्काल अस्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को आने-जाने में परेशानी न हो। बैठक में डिप्टी मेयर विजय सिंह पंवार, आयुक्त राहुल जैन, उपायुक्त कंचन राठौड़, ललित सिंह, प्रशिक्षु आईएएस उमेश कुमार मीणा , उपायुक्त रणवीर देथा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संपत मेघवाल, एक्सईएन, कार्यालय अधीक्षक सलामतुल्लाह खान, सुबोध शंकर व्यास सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे। ‘एक दिन, एक घंटा शहर के नाम करें’ मेयर ने शहरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक दिन एक घंटा शहर की स्वच्छता के लिए दे। जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखते हैं, उसी भावना से सार्वजनिक स्थानों की सफाई में भी योगदान देना चाहिए। वे बोले- सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था को लेकर कहा कि निगम में तैनात कर्मचारियों की संख्या, उनकी ड्यूटी और उनके कार्यक्षेत्र की स्पष्ट निगरानी होनी चाहिए। कर्मचारियों पर केवल अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ाने के बजाय बेहतर व्यवहार और समन्वय के साथ उनसे काम लिया जाए। इस दौरान बैठक में आयुक्त राहुल जैन ने ड वेस्ट प्रोजेक्ट प्लांट, मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन, कचरा संग्रहण पॉइंट, लेगेसी वेस्ट रेमेडिएशन, सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और एनसीएपी यानी राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत किए जा रहे प्रोजेक्ट की जानकारी दी।
नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ होगी फील्ड विजिट बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों को शहर में चल रहे विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति से अवगत कराने के लिए फील्ड विजिट कराने पर भी जोर दिया गया। इसके माध्यम से पार्षदों को निगम की परियोजनाओं, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति देखने का अवसर मिलेगा। बैठक में मेयर ने दीपावली पर शहर को आकर्षक और रोशनी से जगमगाने के लिए नगर निगम की ओर से बाजारों और मोहल्लों के बीच स्वच्छ एवं सुंदर सजावट की प्रतियोगिता कराने का प्रस्ताव रखा । उन्होंने कहा- स्थानीय बाजार और मोहल्ले अपने स्तर पर बेहतर सजावट करें और शहर को सुंदर बनाने में निगम का सहयोग करें। सबसे सुंदर सजावट करने वाले बाजारों और मोहल्लों का चयन कर उन्हें नगर निगम की ओर से सम्मानित किया जाए। इधर, बैठक से पूर्व भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की ओर से मेयर प्रसन्न चंद मेहता और डिप्टी मेयर विजय सिंह पंवार का साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के कार्यालय अधीक्षक सलामत उल्लाह खान एवं सुबोधशंकर व्यास ने महापौर एवं उप महापौर को राम मंदिर का स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।

