Kerala Police पर भड़की BJP, अमित शाह के काफिले पर प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप

Kerala Police पर भड़की BJP, अमित शाह के काफिले पर प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप

तिरुवनंतपुरम, एक अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरलम के मंत्रियों की गाड़ियों को रोकने समेत अपने विरोध प्रदर्शन के लिए बृहस्पतिवार को राज्य पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह कोल्लम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काफिले को काले झंडे दिखाने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना के बाद भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री वी डी सतीशन समेत राज्य के मंत्रियों के वाहनों को रोक रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता के. सुरेंद्रन ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस राज्य के मंत्रियों के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कर रही है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ हुए प्रदर्शन को लेकर मामले दर्ज करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दिनों जब केंद्रीय गृह मंत्री केरलम आए थे, तब उनके काफिले पर हमला किया गया। शुरू में हमने सोचा कि यह स्वाभाविक विरोध प्रदर्शन था। लेकिन बाद में राज्य के खेल मंत्री ने खुद स्वीकार किया कि यह उनके द्वारा की गई सुनियोजित कार्रवाई थी।’’
सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि मंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री की यात्रा में बाधा डालकर संविधान का उल्लंघन और अपने पद का दुरुपयोग किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता पी. के. कृष्णदास के काफिले पर हमला किया गया और आरोप लगाया कि पुलिस ने एर्णाकुलम युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, राज्य के मंत्रियों के खिलाफ प्रदर्शन करने पर गैर-जमानती धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। और आज पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर हमला किया गया।

यह सब दर्शाता है कि यह सरकार कई मोर्चों पर प्रशासनिक विफलता का सामना कर रही है।’’
सुरेंद्रन ने बिजली कटौती, वादे पूरे करने में कथित विफलता और सत्तारूढ़ दल के भीतर राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की। तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर हमले के बाद भाजपा नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बारे में पूछे जाने पर सुरेंद्रन ने पार्टी कार्यकर्ताओं की इसमें संलिप्तता से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें भाजपा का एक भी कार्यकर्ता शामिल नहीं था।

राज्य में पुलिस विभाग रमेश चेन्निथला के अधीन है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि भाजपा ने इसकी योजना बनाई थी?’’
सुरेंद्रन ने कांग्रेस पर अपनी मर्जी के मुताबिक पुलिस का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *