लखनऊ में अक्टूबर की शुरुआत तेज धूप से हुई। गुरुवार सुबह आसमान साफ रहा। सुबह 7 बजे तापमान करीब 26°C दर्ज किया गया। धूप निकलने के साथ ही तापमान बढ़ने लगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24 से 26°C और अधिकतम तापमान 32 से 33°C के बीच रह सकता है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ेगा। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। सुबह मौसम सुहावना रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी। दोपहर में धूप तेज रहने से लोगों को गर्मी महसूस होगी। मौसम की 3 तस्वीरें देखिए… सुबह-शाम उमस से मिलेगी राहत मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, अक्टूबर में अब सुबह और शाम के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। इससे उमस और गर्मी का असर कम महसूस होगा। हालांकि दिन में धूप तेज रहने से दोपहर का तापमान अभी गर्म बना रहेगा। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को भी तापमान 33 से 34 डिग्री के आसपास रह सकता है। मानसून विदाई के बाद बदल रहा मौसम मानसून की विदाई के बाद लखनऊ के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देने लगा है। अब दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने की संभावना है। फिलहाल बारिश के आसार कम हैं और धूप का असर ही प्रमुख रहेगा। सुबह-शाम राहत और दोपहर में गर्मी का यह सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है।

