गोरखपुर में राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन पूज्य महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पुण्यतिथि पर 30 सितंबर की शाम गोरखनाथ मंदिर के ओपन थिएटर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू महासंघ सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कलाकारों ने भजनों की स्वरांजलि प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पवन पक्षी, बंटी बाबा, वीरसेन सूफी, श्याम सुंदर हंसलोना, अमिता श्रीवास्तव, कृतिका गुप्ता और लक्ष्मी गुप्ता ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी कमलनाथ, सचिव द्वारिका तिवारी और विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने श्रद्धांजलि अर्पित की। संचालन शिवेंद्र पांडे ने किया। इस अवसर पर जीडी मिश्रा, श्याम बाबू शर्मा, डॉ. विनय मल्ल सहित कई लोग मौजूद रहे।

