फिरोजाबाद में नारखी थाना क्षेत्र के मरसलगंज गांव में बुधवार शाम करीब 5 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम की टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मरसलगंज निवासी शिवशंकर उर्फ कालू यादव का चार वर्षीय पुत्र वंशु बुधवार को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टैंकर की चपेट में वह आ गया। टैंकर की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए और मासूम को लेकर अस्पताल की ओर दौड़े, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। देखें, 3 तस्वीरें… मासूम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बबली का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और टैंकर के संबंध में जानकारी एकत्र की। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है।

