सूरजपुर के निर्माणाधीन मकान में वृद्ध चौकीदार की गला काटकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। नाबालिग वृद्ध की रिश्तेदार है और वह रात को वृद्ध के साथ ही सोई थी। चौकीदार ने उससे रेप की कोशिश की तो किशोरी ने सब्बल से उसके सिर पर वार किया और ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी। मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र का है। सूरजपुर कि महुआपारा में एसईसीएल कर्मचारी कामता प्रसाद साहू द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा है। मकान में सामानों की देखरेख का काम चौकीदार सीताराम गोंड़ (65 वर्ष) करता था जो वहीं रहता था। सोमवार सुबह जब मकान में काम करने वाले लेबर निर्माणाधीन मकान में पहुंचे तो एक लड़की वहां से निकलकर भागी। वे अंदर पहुंचे तो उन्हें सीताराम गोंड़ को मृत हालत में पड़ा देखा। उसका गला कटा हुआ था एवं आसपास खून फैला था। रेप से बचने के लिए कर दी हत्या सूचना पर सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनाम के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घर से भागी लड़की के संबंध में पूछताछ की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि 17 वर्षीय नाबालिग मृतक की दूर की रिश्तेदार है। किशोरी ने बताया कि वह सीताराम से मिलने पहले भी गई थी। चूंकि रविवार को उसे रात हो गई तो वह सीताराम के साथ ही सो गई थी। सोमवार तड़के सीताराम ने उसे गलत नीयत से पकड़ लिया और रेप की कोशिश की। किशोरी ने बताया कि उसने बचने के लिए पहले पास रखे सब्बल से सीताराम के सिर पर वार किया। उसके चंगुल से छूटने के बाद किशोरी ने बिस्तर के पास रखे गये ब्लेड से सीताराम के गले पर वार कर दिया। ब्लेड से सीताराम का गला कटा गया और उसकी मौत हो गई। किशोरी घटना के बाद सहम गई थी। हालांकि वह रात को अंधेरा होने के कारण नहीं भागी। सुबह वह भाग रही थी, लेकिन उसे मकान में काम कर रहे लेबरों ने देख लिया। बाल संप्रेक्षण गृह भेजी गई किशोरी पुलिस ने आरोपी किशोरी को बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

