कोडरमा जिले के सतगावां में शिक्षकों की कमी सहित विद्यालय में विभिन्न सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांगों को लेकर राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय बासोडीह के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बुधवार को विद्यालय परिसर से प्रखंड मुख्यालय तक पैदल मार्च किया। प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने प्रखंड मुख्यालय का घेराव करते हुए धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान धरने में विद्यालय के करीब 1500 छात्र-छत्राएं शामिल हुईं। शिक्षक नहीं रहने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही
छात्र-छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं रहने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र सच्चिदानंद ने बताया कि इस विद्यालय में करीब 2900 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इन 2900 छात्राओं के लिए शिक्षा विभाग द्वारा महज 8 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। उसने बताया कि 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में महज 4 महीने बचे हुए हैं। ऐसे में विद्यालय में गणित, रसायन शास्त्र और हिंदी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं है। शिक्षकों का दूसरे विद्यालयों में डेपुटेशन कर दिया जा रहा
सच्चिदानंद ने कहा कि विद्यालय के छात्रों द्वारा कई बार इस समस्या से शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों को अवगत कराया गया है। बावजूद इसके विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति के बजाय यहां के शिक्षकों का दूसरे विद्यालयों में डेपुटेशन कर दिया जा रहा है। इधर, छात्रों ने कहा कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखने पर विचार किया जाएगा। धरने की सूचना के बाद प्रखंड प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों को सुना। छात्रों ने प्रशासन से शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति के साथ विद्यालय की अन्य शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।

