सीकर में इस बार मानसून की औसत बारिश भी नहीं हुई। 13 पंचायत समितियों में एक भी फार्म पौंड नहीं भरा। केवल अजीतगढ़, पाटन और नीमकाथाना पंचायत समिति इलाकों में ही फार्म पौंड पूरे भर पाए। जिले के 7 बांध में से 6 बांधों सूखे पड़े हैं। मानसून मीटर के अनुसार जिले में अब तक औसत से 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पिछले साल मानसून की बारिश के बाद जिले का जलस्तर 3 मीटर तक बढ़ गया था, लेकिन इस बार भूजल स्तर गिरने की संभावना है। हालांकि अभी जलस्तर पर मानसून के प्रभाव की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में करीब 1000 फार्म पौंड हैं, जिनमें से 13 पंचायत समितियों के करीब 760 फार्म पौंड आधे खाली हैं। सीकर जिले के बांध जिले में आज सुबह तेज धूप निकली। दोपहर बाद बादल छाए। पिछले 3 दिन से बारिश नहीं होने से जिले के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सीकर के फतेहपुर मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और सुबह का तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में एक सप्ताह तक तेज बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

