अक्टूबर में बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने रेवाड़ी होकर गुजरने वाली 12 ट्रेन सेवाओं में अस्थाई रूप से अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनमें रेवाड़ी से जुड़ी कई ट्रेनों में 5-5 द्वितीय साधारण श्रेणी के कोच बढ़ाए जाएंगे। वहीं अजमेर-अमृतसर रेलसेवा में स्लीपर और दिल्ली सराय-सीकर रेलसेवा में थर्ड एसी, स्लीपर व साधारण श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। यह बढ़ोतरी अलग-अलग ट्रेनों में 1 अक्टूबर से शुरू होकर नवंबर की शुरुआत तक रहेगी। मदार-रेवाड़ी-मदार रेलसेवा (19617/19618) में 1 से 31 अक्टूबर तक 5 द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए जाएंगे। रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19620/19619) में भी 1 से 31 अक्टूबर तक 5 अतिरिक्त साधारण श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इसी तरह रेवाड़ी-हिसार-रेवाड़ी (59632/59631), रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी (59633/59634) और रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19622/19621) में 1 से 31 अक्टूबर तक 5-5 द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी होगी। फुलेरा-जयपुर-फुलेरा (59630/59629) में भी इसी अवधि में 5 अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। अजमेर-अमृतसर की दोनों सेवाओं में स्लीपर बढ़ेंगे अजमेर-अमृतसर-अजमेर रेलसेवा की ट्रेन संख्या 19611/19614 और 19613/19612 में एक-एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। अजमेर से इन दोनों सेवाओं में 1 से 15 अक्टूबर तक तथा अमृतसर से 2 से 16 अक्टूबर तक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा रहेगी। दिल्ली सराय-सीकर में एसी, स्लीपर और जनरल कोच दिल्ली सराय-सीकर-दिल्ली सराय रेलसेवा (14714/14713) में 7 से 30 अक्टूबर तक एक थर्ड एसी, एक द्वितीय शयनयान और एक साधारण श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। भिवानी की दोनों ट्रेनों में भी बढ़ेंगे जनरल कोच भिवानी-ढेहर का बालाजी-भिवानी रेलसेवा (14705/14706) में 2 अक्टूबर से 1 नवंबर तक 3 द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए जाएंगे। वहीं भिवानी-मथुरा-भिवानी रेलसेवा (14725/14726) में भिवानी से 3 अक्टूबर से 2 नवंबर तक और मथुरा से 4 अक्टूबर से 3 नवंबर तक 3 अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। जयपुर-बठिंडा में 4 अतिरिक्त सामान्य डिब्बे जयपुर-बठिंडा-जयपुर रेलसेवा (14734/14733) में 2 अक्टूबर से 1 नवंबर तक 4 साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की जाएगी। रेलवे के इस निर्णय से अक्टूबर में इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त कोच की सुविधा मिलेगी।

