भास्कर न्यूज | जालंधर नगर निगम की सुस्त कार्यप्रणाली, उफनते सीवर, बंद स्ट्रीट लाइटों और खस्ताहाल सड़कों के विरोध में लम्मा पिंड चौक पर उत्तरी हलके से कांग्रेस विधायक बावा हैनरी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विधायक बावा हैनरी ने नेशनल हाईवे व सर्विस लेन की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि हल्की बारिश में भी पानी भरने से यातायात ठप हो जाता है। स्ट्रीट लाइटें बंद होने से हादसों का डर बना रहता है, जबकि ट्रांसपोर्ट नगर में सीवरेज जाम से लोग परेशान हैं। हाल ही में इस इलाके में एक मासूम बच्चे का दर्दनाक हादसा भी हुआ था। उन्होंने ‘आप’ सरकार पर विकास कार्य ठप करने के आरोप लगाए। केंद्रीय गृह मंत्री के आगामी जालंधर दौरे और नशा विरोधी अभियान पर बोलते हुए हैनरी ने कहा कि केवल रैलियों और भाषणों से नशा खत्म नहीं होगा। इसके लिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार और पीड़ितों के ठोस पुनर्वास की जरूरत है। जब तक पुलिस, प्रशासन व सुरक्षा तंत्र के गठजोड़ को खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक नशे पर लगाम लगाना असंभव है। उन्होंने चेताया कि सुधार न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। कांग्रेस के धरने में सीनियर कांग्रेस परमजीत सिंह पम्मा, बिक्रम सिंह खेड़ा, मैडम पवन सूरी, ब्लॉक प्रधान जगजीत सिंह कंबोज, ब्लॉक प्रधान दीपक शर्मा, सूरज लाहौरिया, पार्षद नीरज जस्सल, पार्षद विकास तलवाड़, रवि सैनी, बलजीत सेम्बी, जेएस बग्गा, आशु सचदेवा, दविंदर शर्मा, प्रताप सिंह कंबोज, रत्नेश सैनी, हरमीत साबा, नीटा विकासपुरी, विशाल गिल, गुलशन सोढ़ी, सुभाष शर्मा, बंटी अरोड़ा, मास्टर अशोक, प्रो. छत्तरपाल, बॉबी सोंधी, हैप्पी सागर, ईश्वर, सूबा सिंह मौजूद थे। जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी इकहरी पुली में सीवरेज, गाजीगुल्ला में सीवरेज और लम्मा पिंड चौक की समस्याओं का हल नहीं हुआ। जनता को असल में विधायक के दफ्तर के बाहर धरना लगाना चाहिए। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विधायक ऐसे धरने लगा रहे हैं। -वनीत धीर, मेयर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

