Rajasthan Politics : एक मंच पर वसुंधरा राजे-भजनलाल शर्मा, ‘एक मुख, एक रुख और एक सूत्र’ का दिया मंत्र

Rajasthan Politics : एक मंच पर वसुंधरा राजे-भजनलाल शर्मा, ‘एक मुख, एक रुख और एक सूत्र’ का दिया मंत्र

झालावाड़। राजस्थान में आगामी पंचायत एवं जिला परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कोलाना एयरपोर्ट पर आयोजित संगठनात्मक संवाद बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में झालावाड़ और बारां जिले के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर संवाद हुआ। मुख्यमंत्री का 29 सितंबर को झालावाड़ में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम निर्धारित था, जिसमें पंचायत चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पंचायत और जिला परिषद चुनाव कार्यकर्ताओं के चुनाव हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतें सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया और कहा कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी।

भजनलाल बोले- कार्यकर्ता जरूरत बताएं, काम पूरे होंगे

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार के ढाई साल के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि जो कहा गया, उसे पूरा करने का प्रयास किया गया है और अगले ढाई साल का रोडमैप भी तैयार है। उन्होंने विधायकों को विकास कार्यों के लिए मिलने वाली राशि में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया।

शर्मा ने पानी और बिजली से जुड़े कार्यों के साथ ईआरसीपी और यमुना जल समझौते का उल्लेख किया। उन्होंने किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग तथा पशुपालकों के लिए दूध पर अतिरिक्त अनुदान का भी जिक्र किया।

पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद पिछले कुछ दिनों से लगातार चल रही है। मुख्यमंत्री अलग-अलग जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे हैं और उन्हें जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दे रहे हैं।

वसुंधरा राजे का संदेश- बाहर नहीं, अंदर देखने की जरूरत

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने हालिया नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बधाई दी। राजे ने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनाव में पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया।

राजे ने कहा कि अब पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि ‘बाहर नहीं, अंदर देखने की जरूरत है।’ उन्होंने चुनाव में संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए ‘एक मुख, एक रुख और एक सूत्र’ के साथ चुनाव मैदान में उतरने की बात कही। कार्यक्रम से पूर्व राजे करीब सवा तीन बजे सीधे कार्यक्रम स्थल पर हेलीकॉप्टर से पहुंची, हालांकि राजे का पूर्व नियोजित कार्यक्रम नहीं था।

राजे की मौजूदगी को झालावाड़ में पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के लिहाज से भी अहम माना गया, क्योंकि बैठक में स्थानीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भाजपा के कई विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर सहित कई जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे कार्यक्रम में रुके।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *