अलवर में नाबालिग का अपहरण कर आरोपी ने रेप की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया। हालांकि, पुलिस ने अपहृत बालिका को पहले ही बरामद कर बाल कल्याण समिति (CWC) के निर्देश पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी थानागाजी, अलवर का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। 4 सितंबर को अचानक गायब हुई थी बालिका जिला पुलिस अधीक्षक (IPS) सुधीर चौधरी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 4 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 1 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास के इलाके और रिश्तेदारियों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने दर्ज किया था मामला परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने बालिका को दस्तयाब कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) के आदेशानुसार परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद टीम ने लगातार दबिश देकर मामले में संलिप्त दुष्कर्म के आरोपी को मंगलवार को धर दबोचा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) डॉ. दीपक कुमार और वृत्ताधिकारी (शहर उत्तर) राजेश कसाणा के सुपरविजन में अखैपुरा थानाधिकारी संजय शर्मा (उप निरीक्षक) व उनकी टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

