शहर में ई-बस सेवा की जानकारी अब लोगों को सड़क किनारे लगी वीडियो स्क्रीन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण आईटीएमएस के तहत लगी 22 वीडियो स्क्रीन और 20 पब्लिक एड्रेस सिस्टम का इस्तेमाल करेगा। स्क्रीन पर ई-बसों के रूट और संचालन का समय दिखाया जाएगा, जबकि पब्लिक एड्रेस सिस्टम से इसकी घोषणा कराई जाएगी।
प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि आईटीएमएस की स्क्रीन पर बसों की जानकारी प्रदर्शित करने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से घोषणा कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था जल्द शुरू होने की तैयारी है। यात्रियों की संख्या दो महीने में दोगुनी से ज्यादा
नोएडा में फिलहाल 50 ई-बसें पांच रूटों पर चल रही हैं। इनमें बॉटेनिकल गार्डन से परीचौक, जेवर एयरपोर्ट, सूरजपुर, गाजियाबाद और आनंद विहार बस स्टेशन के रूट शामिल हैं। ई-बस सेवा को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जुलाई में करीब 1.50 लाख यात्रियों ने ई-बसों से सफर किया था। अगस्त में यह संख्या बढ़कर करीब 3.40 लाख पहुंच गई। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बसों से होने वाली आय में भी करीब दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। 25 और बसें आएंगी, नए रूट बनेंगे
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नोएडा में 25 और ई-बसें बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए प्राधिकरण परिवहन निगम को पत्र भेज चुका है। नई बसें मिलने के बाद शहर में नए रूट भी शुरू किए जाएंगे। दरअसल, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए कुल 225 नई ई-बसें शामिल करने की योजना है। इनमें 25 बसें नोएडा में चलेंगी। 100 बसें यूपीएसआरटीसी और 100 बसें जीसीसी मॉडल के तहत संचालित होंगी। कुल नई बसों में से 200 बसें गौतमबुद्ध नगर में चलेंगी। 15 जून से तीनों शहरों में 100 बसें चल रहीं
तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में 15 जून 2026 से 100 ई-बसों का संचालन शुरू हुआ था। इनमें 50 बसें नोएडा, 25 ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही हैं। अब यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ सार्वजनिक परिवहन का नेटवर्क और विस्तार करने की तैयारी है।

