आरटीओ भवन में 12 साल से नहीं खुला दफ्तर, अब रेलवे का ऑफिस-रेस्ट हाउस बनेगा, नवंबर तक शुरू करने की तैयारी

आरटीओ भवन में 12 साल से नहीं खुला दफ्तर, अब रेलवे का ऑफिस-रेस्ट हाउस बनेगा, नवंबर तक शुरू करने की तैयारी

भास्कर संवाददाता| राजगढ़ राजगढ़ रेलवे स्टेशन से सटी रेलवे की जमीन पर साल-2014 में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से जिला परिवहन कार्यालय के लिए बनाया गया भवन अब करीब 12 साल बाद नए उपयोग में आएगा।निर्माण पूरा होने के बाद से ही यह भवन खाली पड़ा रहा और धीरे-धीरे खंडहरनुमा स्थिति में पहुंच गया। उस समय रेलवे की जमीन परिवहन कार्यालय के लिए आवंटित किए जाने के कारण यहां आरटीओ कार्यालय संचालित नहीं हो सका था। अब रामगंजमंडी-भोपाल रेल परियोजना के तहत राजगढ़ तक ट्रैक बिछने, सीआरएस निरीक्षण और परिचालन की टेस्टिंग पूरी होने के बाद रेलवे ने इसी भवन को अपने उपयोग में लेने की योजना बनाई है। इसके लिए करीब 55 लाख रुपए खर्च कर भवन का ऑल्टरशन कर दो मंजिला स्वरूप दिया जाएगा। रेलवे ने पुराने आरटीओ भवन को नए सिरे से तैयार करने की योजना बनाई है। इसमें सीनियर सेक्शन इंजीनियर के कार्यालय के साथ कर्मचारियों के लिए रेस्ट हाउस और ऑफिसर्स रेस्ट हाउस बनाने की योजना है। भवन के मौजूदा ढांचे में जरूरी बदलाव और निर्माण कार्य किया जाएगा। इस तरह जिस भवन में परिवहन विभाग का कार्यालय शुरू नहीं हो सका, उसका इस्तेमाल अब रेलवे के बढ़ते परिचालन तंत्र के लिए किया जाएगा। ट्रैक और स्टेशन तैयार, इसलिए बढ़ी जरूरत : रामगंजमंडी- भोपाल रेलवे परियोजना के तहत राजगढ़ तक रेलवे लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। रेलवे स्टेशन का निर्माण भी पूरा हो गया है। सीआरएस निरीक्षण के साथ ट्रैक पर परिचालन की टेस्टिंग भी की जा चुकी है। ऐसे में रेलवे को स्टेशन और ट्रैक से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए कार्यालय और ठहरने की सुविधाओं की जरूरत होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *